सीवान युवती अपहरण केस में बड़ा खुलासा, वीएमएच स्कूल से होटल और मक्के के खेत तक पहुंची जांच
अभिषेक बरनवाल मुख्य आरोपी
Siwan girl kidnapping case: सीवान में वीएमएच स्कूल के पास से युवती के अपहरण और दुष्कर्म की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। हालांकि, जांच में घटनाक्रम की तस्वीर बिल्कुल अलग सामने आई है, जो स्कूल से निकलकर होटल और फिर मक्के के खेत तक पहुंची है।
Siwan girl kidnapping case:(मनीष गिरी) सीवान शहर के वीएम उच्च विद्यालय के पास से युवती के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई टीमें गठित कीं और सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट, प्रत्यक्ष साक्ष्य तथा वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की. जांच आगे बढ़ी तो शुरुआती सूचना से घटनाक्रम की तस्वीर काफी अलग सामने आयी.
सीवान के एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि पुलिस जांच में वीएमएच स्कूल के पास से युवती को जबरन उठाकर ले जाने का कोई साक्ष्य नहीं मिला है. हालांकि, युवती की ओर से लगाये गये दुष्कर्म के आरोप को पुलिस ने खारिज नहीं किया है. इस आरोप की मेडिकल रिपोर्ट, युवती के बयान और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है.
चार थानों की पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुफस्सिल, महिला, महादेवा और टाउन थाना की पुलिस को अलग-अलग बिंदुओं पर जांच की जिम्मेदारी दी गयी. पुलिस टीमों ने वीएमएच स्कूल के आसपास से लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले.
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी और तकनीकी जांच से युवती की गतिविधियों की कड़ी जोड़ने का प्रयास किया गया. जांच में ऐसा कोई फुटेज या प्रत्यक्ष साक्ष्य नहीं मिला, जिससे यह साबित हो कि युवती को वीएमएच स्कूल के पास से जबरन किसी वाहन पर बैठाकर ले जाया गया था.
गांधी मैदान और अस्पताल रोड होते हुए होटल पहुंची युवती
एसपी के अनुसार, पुलिस की जांच में सामने आया कि युवती गांधी मैदान और अस्पताल रोड होते हुए शांति बट वृक्ष के पास स्थित मनपसंद होटल तक पहुंची थी. इसके बाद दोनों युवक बाइक से होटल पहुंचे.
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी ने करीब 2,500 रुपये में होटल का कमरा बुक किया था. जांच टीम ने होटल के टॉप फ्लोर स्थित कमरे की तलाशी ली. कमरे से कुछ सामग्री बरामद की गयी और वैज्ञानिक साक्ष्य भी एकत्र किये गये.
पुलिस अब होटल के रजिस्टर, कमरे की बुकिंग से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है. इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि होटल में कौन-कौन लोग पहुंचे थे और वहां घटनाक्रम किस तरह आगे बढ़ा.
होटल के बाद बांसोपाली के मक्के के खेत पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस को घटनाक्रम की एक और कड़ी बांसोपाली गांव में मिली. पुलिस टीम बांसोपाली स्थित मक्के के खेत में भी पहुंची.
एसपी के अनुसार, घटना के बाद युवती वहां गयी थी और उसने खुद को साफ किया था. पुलिस ने खेत से भी वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाये हैं. इसके बाद युवती के एक मेडिकल दुकान तक पहुंचने की जानकारी मिली, जहां से भी पुलिस ने कुछ साक्ष्य एकत्र किये हैं.
इस तरह पुलिस की जांच अब वीएमएच स्कूल के आसपास से आगे बढ़कर मनपसंद होटल, बांसोपाली के मक्के के खेत और मेडिकल दुकान तक पहुंच गयी है.
आरोपी ने पूछताछ में बतायी अलग कहानी
मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी अभिषेक बरनवाल, निवासी बलेथा गांव, ने पुलिस पूछताछ में घटनाक्रम को लेकर अलग दावा किया है. आरोपी के अनुसार, युवती अपनी बहन के साथ आयी थी.
हालांकि, पुलिस आरोपी के बयान को अंतिम तथ्य नहीं मान रही है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसके बयान का मिलान कर रही है. आरोपी की बाइक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है.
बाइक, होटल के रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया गया है.
घर पहुंचने के बाद अस्पताल गयी युवती
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद युवती अपनी बहन के साथ घर गयी और बाद में सदर अस्पताल पहुंची. अस्पताल पहुंचने के समय उसे अधिक ब्लीडिंग होने की बात सामने आयी.
महिला चिकित्सक ने ब्लीडिंग रोकने के लिए उपचार करते हुए दो टांके लगाये. युवती का इलाज फिलहाल सदर अस्पताल में चल रहा है.
पुलिस ने युवती का बयान भी दर्ज किया है. इसी बयान के साथ मेडिकल जांच और अन्य साक्ष्यों को मिलाकर पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
दुष्कर्म के आरोप में महिला थाने में एफआईआर
युवती के बयान और प्रारंभिक जांच में सामने आये तथ्यों के आधार पर महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी अभिषेक बरनवाल के साथ एक अन्य युवक को भी गिरफ्तार किया है.
दोनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं.
होटल की भूमिका पर भी पुलिस की नजर
एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि मनपसंद होटल की भूमिका की भी जांच की जा रही है. होटल के रजिस्टर और दूसरे दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं.
पुलिस यह भी देख रही है कि कमरे की बुकिंग किस नाम से हुई, होटल में कौन-कौन लोग मौजूद थे और कमरे से बरामद सामग्री का मामले से क्या संबंध है. जांच में होटल प्रबंधन या किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
अपहरण की कहानी पर पुलिस ने क्या कहा
इस मामले में शुरुआती सूचना यह थी कि युवती को वीएमएच स्कूल के पास से जबरन अगवा किया गया. इसी सूचना के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर जांच शुरू की.
लेकिन सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद पुलिस का कहना है कि स्कूल के पास से अपहरण किये जाने की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस के अनुसार, युवती खुद अलग-अलग रास्तों से आगे बढ़ते हुए होटल तक पहुंची थी.
हालांकि, अपहरण की सूचना सही नहीं पाये जाने से दुष्कर्म के आरोप अपने आप समाप्त नहीं हो जाते. पुलिस इस आरोप की अलग से जांच कर रही है.
मेडिकल रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्य होंगे अहम
अब पुलिस की जांच में मेडिकल रिपोर्ट, युवती का बयान, होटल से मिले साक्ष्य, बांसोपाली के खेत से जुटाये गये वैज्ञानिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों के बयानों की अहम भूमिका होगी.
एसपी ने स्पष्ट किया है कि मामले में अंतिम निष्कर्ष विस्तृत अनुसंधान और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही सामने आयेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: सीसीटीवी फुटेज से खुला राज: अपहरण नहीं, दुष्कर्म का मामला; दो आरोपी गिरफ्तार, होटल सील करने की प्रक्रिया शुरू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विवेक पाण्डेय
विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से मुख्यधारा की पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें बिहार की राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकार और स्थानीय-क्षेत्रीय मुद्दों की गहरी समझ है. खबरों की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए वे तथ्यों की पुष्टि और विभिन्न स्रोतों से जानकारी का सत्यापन करने को प्राथमिकता देते हैं.
विशेषज्ञता
विवेक रंजन पाण्डेय की विशेष रुचि बिहार की राजनीति, ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम अपडेट, प्रशासनिक गतिविधियों, चुनाव, अपराध, मौसम, शिक्षा तथा रिसर्च आधारित खबरों में है. वे लाइव कवरेज, एक्सक्लूसिव स्टोरी, SEO फ्रेंडली डिजिटल कंटेंट और डेटा आधारित रिपोर्टिंग में भी दक्ष हैं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर एक्स पर सक्रिय रहकर ट्रेंडिंग और महत्वपूर्ण घटनाक्रमों पर लगातार नजर बनाए रखते हैं.
पत्रकारिता अनुभव
पत्रकारिता के क्षेत्र में विवेक रंजन पाण्डेय का आठ वर्षों का अनुभव है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टीवी और डिजिटल मीडिया से की तथा विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में कार्य करते हुए रिपोर्टिंग, डिजिटल कंटेंट लेखन, लाइव कवरेज, हेडलाइन लेखन, ब्रेकिंग न्यूज, फैक्ट चेकिंग में विशेषज्ञता हासिल की. वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल के लिए बिहार से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों का लेखन और विश्लेषण कर रहे हैं.
शिक्षा
विवेक रंजन पाण्डेय ने आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी, पटना से बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है. पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान उन्होंने समाचार लेखन, मीडिया एथिक्स, डिजिटल जर्नलिज्म और जनसंचार के विभिन्न आयामों का अध्ययन किया.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










