सारण:छात्र संगठनों के 25 जुलाई के धरना को लेकर सीवान प्रशासन अलर्ट, रेलवे स्टेशन और सोशल मीडिया पर बढ़ी निगरानी

Author Amarnath Sharma|Edited by Vivek Ranjan
Updated:
विज्ञापन
25 जुलाई के प्रस्तावित छात्र धरने को लेकर सीवान अलर्ट, स्टेशन से सोशल मीडिया तक कड़ी निगरानी

सीवान में 25 जुलाई को छात्र संगठनों द्वारा प्रस्तावित शांतिपूर्ण धरने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस सतर्क हो गई है. सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं. सोशल मीडिया और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.

विज्ञापन

Siwan News: विभिन्न मांगों को लेकर दो छात्र संगठनों द्वारा 25 जुलाई को प्रस्तावित शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन को देखते हुए सीवान जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है. बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं.

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, संभावित धरना-प्रदर्शन को देखते हुए जिले के संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है. छात्र संगठनों की गतिविधियों पर पुलिस नजर रख रही है. वहीं, संगठन के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है.

सीवान जंक्शन पर आरपीएफ और इंटेलिजेंस की नजर

धरना-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए छात्रों के संभावित दिल्ली जाने की सूचना को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे की स्पेशल इंटेलिजेंस ब्रांच भी सक्रिय हो गई है. सीवान जंक्शन से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों और स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.

रेलवे अधिकारियों द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और इसकी जानकारी लगातार उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है.

सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप की होगी निगरानी

बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि धरना-प्रदर्शन के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप ग्रुप पर लगातार निगरानी रखी जाए. सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है.

साथ ही सार्वजनिक या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.

शांतिपूर्ण आंदोलन में प्रशासन करेगा सहयोग

प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि 25 जुलाई को प्रस्तावित धरना को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं. यदि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से होता है तो प्रशासन कानून के दायरे में रहकर आवश्यक व्यवस्था उपलब्ध कराएगा.

वहीं, किसी भी तरह की अफवाह, भड़काऊ बयान या उपद्रवी गतिविधियों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी.

एसपी ने कहा- सुरक्षा व्यवस्था रहेगी मजबूत

पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने बताया कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा गया है. पुलिस का उद्देश्य शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.

उन्होंने कहा कि 25 जुलाई को प्रस्तावित छात्र धरना के संबंध में छात्र संगठनों की ओर से पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है. हालांकि, छात्रों ने जिलाधिकारी कार्यालय में कार्यक्रम की सूचना दी है. प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.

Also Read:पटना यूनिवर्सिटी के शिक्षक और कर्मचारी निकले लोक भवन मार्च के लिए, जानिए क्यों कर रहे नये विधेयक का विरोध


विज्ञापन
Amarnath Sharma

लेखक के बारे में

By Amarnath Sharma

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन