सीवान: प्रखंड मुख्यालय के बगल में कचरे का अंबार, बदबू और संक्रमण से लोग परेशान

कचरे का अंबार | Prabhat Khabar Network
नौतन प्रखंड मुख्यालय के पास कचरे का विशाल ढेर स्थानीय प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहा है. इससे उत्पन्न गंदगी, बदबू और संक्रमण के खतरे से लोग परेशान हैं. ग्रामीण प्रशासन से नियमित सफाई और स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं.
Siwan News : नौतन स्वच्छ भारत मिशन और 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के दावों के बीच नौतन प्रखंड मुख्यालय के समीप कचरे का विशाल ढेर स्थानीय प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है. प्रखंड कार्यालय के बगल की खाली जमीन पर रोजाना घरेलू कचरा, प्लास्टिक, खाद्य अवशेष और पशु मल-मूत्र फेंके जाने से आसपास का वातावरण दूषित हो गया है. इससे स्थानीय लोगों और प्रखंड कार्यालय आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
दिनभर फैलती रहती है दुर्गंध, बारिश में और गंभीर हो सकती है स्थिति
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह से शाम तक कचरे के ढेर से दुर्गंध फैलती रहती है. यहां मक्खियों, मच्छरों और आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों में संक्रमण का खतरा बढ़ गया है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार खुले में पड़े कचरे से डेंगू, मलेरिया, हैजा और अन्य जलजनित बीमारियां फैलने की आशंका रहती है. बारिश के मौसम में जलजमाव होने पर यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर उठाए सवाल
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रखंड मुख्यालय में स्वच्छता को लेकर जागरूकता की बातें की जाती हैं, लेकिन कार्यालय के बाहर ही गंदगी का अंबार लगा है. उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.
कचरा निस्तारण के लिए निर्धारित होगी जगह : बीडीओ
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी अंजलि कुमारी ने बताया कि कचरा निस्तारण के लिए जल्द ही एक निर्धारित स्थान चिन्हित किया जाएगा. वहां लोग कचरा डाल सकेंगे और नियमित रूप से उसका उठाव कराया जाएगा. ग्रामीणों ने प्रशासन से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और स्थायी समाधान की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










