सीवान: मैरवा के छात्र प्रियांशु कुमार का इंस्पायर अवार्ड-मानक के नेशनल लेवल के लिए चयन, जिला और राज्य स्तर पर किया है बेहतर प्रदर्शन
मैरवा के छात्र प्रियांशु कुमार का इंस्पायर अवार्ड के नेशनल लेवल के लिए चयन
मैरवा के 11वीं कक्षा के छात्र प्रियांशु कुमार ने इंस्पायर अवार्ड-मानक के नेशनल लेवल के लिए चयनित होकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने पटना में आयोजित मेंटॉरशिप कार्यशाला में भी हिस्सा लिया. यह उपलब्धि क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है.
Siwan Inspire Award: मैरवा के टाउन उच्च विद्यालय के 11वीं कक्षा के छात्र प्रियांशु कुमार ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए इंस्पायर अवार्ड-मानक के नेशनल लेवल के लिए चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. प्रियांशु का चयन पहले प्रखंड स्तर से जिले के लिए हुआ था. जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के बाद उनका चयन राज्य स्तर के लिए किया गया. जहां उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें राष्ट्रीय स्तर के लिए चुना गया.
पटना में दो दिवसीय मेंटॉरशिप कार्यशाला में लिया हिस्सा
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चयनित होने के बाद प्रियांशु कुमार ने 12 और 13 अगस्त को आयोजित दो दिवसीय मेंटॉरशिप कार्यशाला में भाग लिया. पटना में आयोजित इस कार्यक्रम में सीवान जिले से प्रियांशु कुमार ने प्रतिनिधित्व किया. कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को अपने प्रोजेक्ट को और बेहतर बनाने तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता की तैयारी से संबंधित जानकारी दी गई.
विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल
प्रियांशु के चयन से विद्यालय के शिक्षकों, सहपाठियों और परिजनों में खुशी का माहौल है. विद्यालय परिवार ने उनकी सफलता पर बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है.
दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में होंगे शामिल
बताया गया कि राष्ट्रीय स्तर पर एक्जीबिशन एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए चयनित विद्यार्थियों को आगामी माह दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिलेगा. यहां देशभर से चयनित बाल प्रतिभागी अपने नवाचार एवं प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगे.
मैरवा और सीवान का नाम रोशन करने की उम्मीद
प्रियांशु कुमार की इस उपलब्धि से मैरवा क्षेत्र के शैक्षणिक जगत में भी उत्साह है. लोगों ने उम्मीद जताई है कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी अपने प्रोजेक्ट का बेहतर प्रदर्शन कर मैरवा और सीवान का नाम रोशन करेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








