सीवान: महाराजगंज अस्पताल में 6 दिनों से खत्म एंटी रैबीज वैक्सीन, डॉग-बाइट मरीज परेशान, निजी दुकानों से खरीदने की मजबूरी

फोटो-इलाज के लिए बैठे मरीज | Prabhat Khabar Network
महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल में छह दिनों से एंटी रेबीज वैक्सीन खत्म होने से मरीज परेशान हैं। बिना इंजेक्शन लगवाए मरीजों को वापस लौटना पड़ रहा है।
Siwan News : महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल में पिछले करीब छह दिनों से एंटी रैबीज वैक्सीन (एआरवी) उपलब्ध नहीं है. इसके कारण डॉग-बाइट और अन्य जानवरों के काटने के शिकार मरीजों को इलाज के लिए भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. शुक्रवार को भी एआरवी लगवाने पहुंचे करीब एक दर्जन मरीजों को बिना इंजेक्शन लगाए लौटना पड़ा.
वैक्सीन नहीं मिलने से मरीजों में बढ़ी चिंता
शुक्रवार सुबह ओपीडी में एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए मरीजों की भीड़ लगी रही, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने वैक्सीन का स्टॉक खत्म होने की जानकारी दी. इसके बाद कई मरीज मायूस होकर लौट गए, जबकि कुछ लोगों ने मजबूरी में निजी मेडिकल दुकानों से महंगे दाम पर वैक्सीन खरीदकर इलाज कराया.
चार साल के बच्चे को बिल्ली ने काटा, नहीं मिला इंजेक्शन
जीबी नगर थाना क्षेत्र के गौर निवासी रजीत कुमार ने बताया कि बुधवार रात उनके चार वर्षीय बेटे को बिल्ली ने काट लिया था. डॉक्टर ने तुरंत एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाने की सलाह दी थी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर वैक्सीन उपलब्ध नहीं मिली. इसी तरह मोहन बाजार की रीना देवी, देवरिया निवासी संतोष कुमार सहित कई मरीजों को भी निराश होकर लौटना पड़ा.
समय पर एआरवी नहीं लेना हो सकता है खतरनाक
चिकित्सकों के अनुसार, किसी भी संदिग्ध जानवर के काटने के बाद निर्धारित समय के भीतर एंटी रैबीज वैक्सीन लेना बेहद जरूरी होता है. इसमें देरी होने पर संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में सरकारी अस्पताल में वैक्सीन की अनुपलब्धता मरीजों की चिंता बढ़ा रही है.
स्वास्थ्य प्रबंधक बोले- सदर अस्पताल से वैक्सीन मिलने का इंतजार
अनुमंडलीय अस्पताल के स्वास्थ्य प्रबंधक चंदन कुमार ने बताया कि फिलहाल अस्पताल में एआरवी उपलब्ध नहीं है. उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल से वैक्सीन उपलब्ध होने के बाद ही मरीजों को इंजेक्शन लगाया जा सकेगा. हालांकि, वैक्सीन कब तक मिलेगी, इसकी फिलहाल कोई निश्चित जानकारी नहीं है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











