चेहल्लुम को लेकर सीवान में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, जुलूस मार्ग पर रहेगी विशेष निगरानी

Updated:
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

सीवान में चेहल्लुम पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है. संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती, कंट्रोल रूम सक्रिय और जुलूस मार्ग पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा.

विज्ञापन

सीवान: जिले में मंगलवार को चेहल्लुम का पर्व अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा. पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थलों और जुलूस मार्गों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी.

पूरे आयोजन की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा. वहीं, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे.

अंतिम चरण में तैयारियां

चेहल्लुम को लेकर मुस्लिम समुदाय की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. इमामबाड़ों और कर्बला स्थलों की साफ-सफाई पूरी कर ली गई है. जुलूस में शामिल होने वाले लोगों ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं. बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है. संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है.

यातायात व्यवस्था में रहेगा बदलाव

पर्व के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था में भी आंशिक बदलाव किया जाएगा. जुलूस के निर्धारित मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई जा सकती है. भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा, जबकि छोटे वाहनों का परिचालन ट्रैफिक पुलिस के निर्देशानुसार कराया जाएगा.

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जुलूस मार्ग पर वाहन लेकर न निकलें और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो.

अफवाहों से बचने की अपील

जिला प्रशासन ने सभी दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को समय पर अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया है. साथ ही लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है.

प्रशासन ने विश्वास जताया है कि सभी समुदायों के सहयोग, आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में चेहल्लुम का पर्व शांतिपूर्वक संपन्न होगा.

इसे भी पढ़ें: ड्राइवर ही निकला डेहरी EO का कातिल, IG विकास वैभव ने हत्याकांड का किया खुलासा


विज्ञापन
पंकज कुमार

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन