सीवान में आन-बान-शान से मनेगा स्वतंत्रता दिवस, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम; जानिए कहां और कितने बजे होगा झंडोत्तोलन
स्वतंत्रता दिवस 2026। AI Image
सीवान 80वें स्वतंत्रता दिवस को पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाने के लिए तैयार है. मुख्य राजकीय समारोह ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होगा, जहाँ राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा. जिले भर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और विभिन्न स्थानों पर झंडोत्तोलन के लिए विस्तृत समय-सारिणी जारी की गई है.
Independence Day 2026: सीवान शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस जिले भर में आन, बान और शान के साथ मनाया जाएगा. मुख्य राजकीय समारोह शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होगा. सुबह ठीक 9:00 बजे मुख्य अतिथि सह पर्यटन विभाग के प्रभारी मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और इसके बाद जिले की विकास रिपोर्ट जनता के सामने पेश करेंगे. गांधी मैदान में होने वाले मुख्य कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार की देर शाम तक सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
बांस-बल्ली से बैरिकेडिंग, सुरक्षा के कड़े पहरे
गांधी मैदान में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए चारों तरफ बांस-बल्ली से मजबूत बैरिकेडिंग की गई है. मैदान के पश्चिमी हिस्से में अतिथियों व नागरिकों के बैठने के लिए भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है, जबकि पूर्वी हिस्से में आकर्षक परेड का आयोजन किया जाएगा. पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी कड़ी चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं.
दवाओं और एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीम तैनात
गर्मी और उमस को देखते हुए गांधी मैदान में स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम को जीवनरक्षक दवाओं और एंबुलेंस के साथ तैनात किया गया है, ताकि झंडोत्तोलन या परेड के दौरान किसी भी व्यक्ति अथवा जवान की तबीयत बिगड़ने पर तुरंत प्राथमिक उपचार दिया जा सके.
सुबह 7 बजे से मुस्तैद रहेंगे दंडाधिकारी और पुलिस बल
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल को शनिवार सुबह 7:00 बजे से ही अपने आवंटित प्वाइंट्स पर तैनात रहने का निर्देश दिया गया है. मुख्य समारोह स्थल पर दर्शक दीर्घा में असामाजिक तत्वों की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. कार्यक्रम में जिले के सभी वरीय प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहेंगे.
बाजारों में देर शाम तक तिरंगे और मिठाइयों की खरीदारी
स्वतंत्रता दिवस को लेकर सरकारी, गैर-सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और राजनीतिक दलों के दफ्तरों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली. बच्चों और युवाओं ने तिरंगा झंडा, बैच, रिबन, बेल्ट, कैप और मास्क की जमकर खरीदारी की. वहीं स्वतंत्रता दिवस पर जलेबी व बूंदिया की भारी मांग को देखते हुए मिठाई दुकानों पर अतिरिक्त कारीगर काम में जुटे रहे.
शहर में झंडोत्तोलन का मिनट-टू-मिनट समय सारिणी:
- 07:00 बजे पूर्वाह्न: मजहरुल हक बस पड़ाव
- 07:10 बजे पूर्वाह्न: राजेन्द्र उद्यान
- 07:20 बजे पूर्वाह्न: दरोगा प्रसाद राय की प्रतिमा स्थल
- 07:30 बजे पूर्वाह्न: बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल
- 08:00 बजे पूर्वाह्न: शहीद सराय
- 08:00 बजे पूर्वाह्न: महावीरी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर
- 08:30 बजे पूर्वाह्न: नगर परिषद कार्यालय
- 09:00 बजे पूर्वाह्न: गांधी मैदान (मुख्य समारोह)
- 10:00 बजे पूर्वाह्न: समाहरणालय
- 10:15 बजे पूर्वाह्न: जिला ग्रामीण विकास अभिकरण
- 10:25 बजे पूर्वाह्न: अनुमंडल कार्यालय
- 10:30 बजे पूर्वाह्न: मुफस्सिल थाना
- 10:30 बजे पूर्वाह्न: सराय थाना
- 10:40 बजे पूर्वाह्न: जिला परिषद
- 10:45 बजे पूर्वाह्न: नगर थाना
- 10:45 बजे पूर्वाह्न: महादेवा थाना
- 10:50 बजे पूर्वाह्न: बिहार गृह रक्षा वाहिनी
- 11:05 बजे पूर्वाह्न: पुलिस लाइन मैदान
- 11:30 बजे पूर्वाह्न: चयनित महादलित टोला
- 03:00 बजे अपराह्न: फुटबॉल मैच (राजेन्द्र स्टेडियम)
- 06:00 बजे अपराह्न: सांस्कृतिक कार्यक्रम (टाउन हॉल)
Also Read: टीबी मुक्त सीवान की मुहिम को मिला सामुदायिक सहयोग, 10 मरीजों को छह माह के लिए लिया गोद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









