खेतों में अचानक धमक पड़े कृषि विभाग के बड़े अफसर, रबी और गरमा फसल का मुआयना देख हैरान रह गए किसान; जानिए क्या है पूरा माजरा...
जांच करने पहुंचे निदेशक | Prabhat Khabar Network
सिवान के दरौंदा प्रखंड में कृषि विभाग के उच्चाधिकारियों की टीम ने अचानक खेतों का निरीक्षण किया. संयुक्त निदेशक के नेतृत्व में टीम ने रबी व गरमा फसलों की गुणवत्ता, बुआई और सिंचाई संबंधी जानकारी ली. किसानों को मिली सीधी तकनीकी सलाह.
Siwan News: जिले के दरौंदा प्रखंड की दो पंचायतों में उस समय हलचल तेज हो गई, जब कृषि विभाग के आला अधिकारियों की टीम अचानक खेतों में जा पहुंची. संयुक्त निदेशक (शस्य), सारण प्रमंडल, छपरा के नेतृत्व में गठित टीम ने कोडारी कला और सिरसांव पंचायत में रबी एवं गरमा फसलों का औचक निरीक्षण किया.
खेतों में उतरकर जांची फसल की वास्तविक स्थिति
निरीक्षण के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों ने खेतों का मुआयना कर किसानों से बुआई, पोषण, सिंचाई और कटाई संबंधी विस्तृत जानकारियां एकत्रित कीं. इस दौरान टीम ने बीज की गुणवत्ता, उर्वरक व पोषक तत्वों के प्रयोग, कीट व रोग नियंत्रण तथा फसल की वास्तविक स्थिति का बारीकी से आकलन किया.
मौके पर मौजूद किसानों ने अपनी बुआई की तिथियों, प्रयुक्त उन्नत किस्मों और आगामी कटाई की योजनाओं के बारे में अधिकारियों को अवगत कराया. वहीं कई किसानों ने सिंचाई एवं कीटनाशक उपयोग से जुड़ी गंभीर चुनौतियों का उल्लेख किया, जिस पर विशेषज्ञों ने मौके पर ही प्राथमिक व जरूरी तकनीकी सलाह दी.
धरातल पर पहुंचेगी तकनीकी सहायता: संयुक्त निदेशक
संयुक्त निदेशक (शस्य) अजय कुमार सिंह ने बताया कि यह निरीक्षण फसलों की वर्तमान स्थिति का सटीक आंकलन करने तथा आवश्यक तकनीकी व सामग्रिक सहायता धरातल पर पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है. उन्होंने कहा कि निरीक्षण रिपोर्ट में उभरती समस्याएं, संभावित उपज के अनुमान और सहायता प्राप्त करने योग्य किसानों की सूची शामिल की जाएगी. इसके आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे और स्थानीय स्तर पर किसानों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम लागू किए जाएंगे.
किसानों ने पहल का किया स्वागत
स्थानीय किसानों ने इस औचक निरीक्षण को बेहद स्वागतयोग्य कदम बताया और कहा कि अधिकारियों से सीधे मिली सलाह उनकी फसलों के लिए काफी लाभकारी सिद्ध होगी. वहीं कृषि विभाग ने क्षेत्र के सभी किसानों से अनुरोध किया है कि वे वैज्ञानिकों व अधिकारियों द्वारा दी गई तकनीकी सलाह का पालन करें और किसी भी विभागीय सहायता के लिए नजदीकी कृषि कार्यालय से निरंतर संपर्क बनाए रखें.
निरीक्षण के दौरान ये लोग रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण औचक निरीक्षण के दौरान अनुमंडल कृषि पदाधिकारी आनंद चौधरी, सहायक निदेशक पौधा संरक्षण अमित शेखर, कृषि पदाधिकारी रामवीर सिंह यादव, कृषि समन्वयक रामप्रीत गुप्ता, किसान सलाहकार बलवंत कुमार राम, किसान पिंटू कुमार, रवींद्र कुमार सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे.
Also Read: सीवान में रेलकर्मी को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौके पर मौत; शव सड़क पर रख दो घंटे तक हंगामा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









