सीवान में रेलकर्मी को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौके पर मौत; शव सड़क पर रख दो घंटे तक हंगामा
सीवान में रेलकर्मी की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई. घर पहुंचने से ठीक पहले तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया. इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर करीब दो घंटे तक हंगामा किया.
Road Accident In Siwan: सीवान जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सरसर गांव के समीप शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में रेलकर्मी की मौत हो गई. मृतक की पहचान सरसर गांव निवासी उपेंद्र पंडित के रूप में की गई है. उपेंद्र भारतीय रेलवे में कार्यरत था और वर्तमान में थावे में पोस्टेड था.
घर पहुंचने से ठीक पहले हुआ हादसा
घटना के संबंध में बताया जाता है कि उपेंद्र शुक्रवार की शाम अपनी ड्यूटी पूरी कर घर वापस लौट रहा था. वह अपने गांव के बिल्कुल समीप पहुंच चुका था, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मारते हुए रौंद दिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई. जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते या दौड़कर मौके पर पहुंचते, तब तक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो चुका था.
शव सड़क पर रख 2 घंटे तक ग्रामीणों का हंगामा
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना मुफस्सिल थाना की पुलिस को दी. वहीं हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. करीब दो घंटे तक चले इस सड़क जाम के कारण मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. बाद में मौके पर पहुंचे वरीय पुलिस अधिकारियों द्वारा काफी समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए. इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
मासूम बच्ची के सिर से उठा पिता का साया
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया. स्थानीय लोगों के मुताबिक, उपेंद्र पिछले करीब सात वर्षों से रेलवे में अपनी सेवा दे रहा था. परिजनों ने रोते-बिलखते हुए बताया कि उपेंद्र की एक छोटी सी मासूम बच्ची भी है. घर के कमाऊ सदस्य की असमय और दर्दनाक मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
Also Read: टीबी मुक्त सीवान की मुहिम को मिला सामुदायिक सहयोग, 10 मरीजों को छह माह के लिए लिया गोद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









