प्रोटीन पाउडर की डिलीवरी करने निकला सन्नी…नदी किनारे खून से लथपथ मिली स्कूटी, जानें क्या है पूरा मामला
Published by : Nishant Kumar Updated At : 08 Dec 2025 6:05 PM
Siwan Crime News: सीवान के सरेया गांव में नदी से बोरे में युवक सन्नी बांसफोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई. वह रविवार शाम से लापता था. स्कूटी से खून के धब्बे मिले. परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध किया. पुलिस ने एफएसएल टीम बुलाई है और कॉल डिटेल खंगालकर जांच में जुटी है.
अरविंद कुमार सिंह/सिवान/बिहार: सीवान के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव में सोमवार को जब नदी से एक बोरे में संदिग्ध अवस्था में युवक का शव मिला तो इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के फतेहपुर के रहने वाले मुन्ना बांसफोर के 33 साल के बेटे सन्नी बांसफोर के रूप में हुई.
क्या है पूरा मामला ?
परिजनों के अनुसार सन्नी प्रोटीन पाउडर की डिलीवरी का काम करता था. रविवार की शाम करीब चार बजे वह पाउडर देने के लिए घर से निकला था. देर शाम तक फोन पर बात भी हुई, लेकिन उसके बाद मोबाइल बंद हो गया. रातभर खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका. सोमवार की सुबह परिजन नगर थाना शिकायत के लिए पहुंचे तो थाने से परिजनों को जानकारी मिली कि सन्नी की स्कूटी सरेया गांव के नदी किनारे से बरामद हुई है.
बोरे में मिला युवक का शव
जब परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि स्कूटी पर खून के धब्बे थे. इसके बाद गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू की गई. एक भारी बोरा पानी से बाहर निकाला गया. बोरा खोलने पर उसमें सन्नी का शव मिला, जिसे देख परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे. शव मिलने की खबर से गांव और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया.

परिजनों के जाम किया सड़क
घटना की जानकारी मिलते ही हुसैनगंज थाना प्रभारी मिहिर कुमार मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. जैसे ही शव सदर अस्पताल पहुंचा, आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दिया और आगजनी करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. जाम की सूचना पर नगर थाना, महादेवा ओपी और सराय ओपी की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने में जुट गई.


Also read: ’10 लाख दो नहीं तो…’ JDU की सांसद और विधायक को जान से मारने की मिली धमकी
Siwan: पुलिस ने क्या कहा ?
पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लबोरेटोरी (FSL) की टीम को जांच के लिए बुलाया गया. मृतक के मोबाइल की कॉल डीटेल रिपोर्ट (CDR) खंगाली जा रही है. उन्होंने दावा किया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. साथ ही जाम कर रहे परिजनों को शांत कराने के प्रयास जारी है. इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. पुलिस हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान में तेजी से जुटी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Nishant Kumar
Nishant Kumar: निशांत कुमार पिछले तीन सालों से डिजिटल पत्रकारिता कर रहे हैं. दैनिक भास्कर के बाद राजस्थान पत्रिका के डिजिटल टीम का हिस्सा रहें. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के नेशनल-इंटेरनेशनल और स्पोर्ट्स टीम में काम कर रहे हैं. किस्सागोई हैं और देश-विदेश की कहानियों पर नजर रखते हैं. साहित्य पढ़ने-लिखने में रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










