सीवान: मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना: 3,703 छात्राओं का पंजीकरण बाकी, डीपीओ ने जारी किया निर्देश

3,703 पात्र छात्राओं के मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत लाभ से वंचित रहने की सूचना पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने तत्काल पंजीकरण का निर्देश दिया है. सभी स्कूलों में कैंप मोड में पंजीकरण पूरा करने के आदेश दिए गए हैं.
Siwan News: मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत लाभ से वंचित रह गई 3,703 पात्र छात्राओं के शीघ्र पंजीकरण का निर्देश जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (योजना एवं लेखा) कुमार अभिजीत ने दिया है. इस संबंध में जिले के सभी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है.
21,821 छात्राओं के पंजीकरण का है लक्ष्य
जारी पत्र के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना का लाभ दिलाने के लिए पात्र छात्राओं का एनआईसी द्वारा विकसित मेधासॉफ्ट पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है. जिले में कुल 21,821 पात्र छात्राओं के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
अब तक 18,118 छात्राओं का हुआ पंजीकरण
विभागीय समीक्षा में बताया गया कि अब तक जिले की 18,118 छात्राओं का ही मेधासॉफ्ट पोर्टल पर पंजीकरण हो सका है, जबकि 3,703 पात्र छात्राओं का पंजीकरण अभी शेष है. विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए शेष छात्राओं का पंजीकरण जल्द पूरा करने का निर्देश दिया है.
कैंप मोड में पूरा होगा पंजीकरण
डीपीओ (योजना एवं लेखा) कुमार अभिजीत ने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि विद्यालय स्तर पर कैंप मोड में विशेष अभियान चलाकर सभी पात्र छात्राओं का मेधासॉफ्ट पोर्टल पर पंजीकरण शीघ्र पूरा करें, ताकि उन्हें मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना की प्रोत्साहन राशि का लाभ समय पर मिल सके.
बीईओ करेंगे नियमित अनुश्रवण
पत्र में सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (बीईओ) को भी नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया है. उनसे कहा गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों की प्रगति की लगातार समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि जिले की कोई भी पात्र छात्रा मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के लाभ से वंचित न रहे.
Also Read : पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










