सीवान: वरिष्ठ पत्रकार रमेश कुमार श्रीवास्तव की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा, पत्रकारों ने किया नमन

Author Amarnath Sharma|Edited by Vivek Ranjan
Updated:
विज्ञापन
श्रद्धांजलि सभा में शामिल, शिक्षाविदों और गणमान्य नागरिक | Prabhat Khabar Network

श्रद्धांजलि सभा में शामिल, शिक्षाविदों और गणमान्य नागरिक | Prabhat Khabar Network

Siwan News: महावीरपुरम में कृष्णचंद्र गांधी मीडिया संस्थान ने वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय रमेश कुमार श्रीवास्तव को श्रद्धांजलि अर्पित की. पत्रकारों, शिक्षाविदों ने उनके ढाई दशक के निष्ठावान योगदान को याद किया.

विज्ञापन

Siwan News: महावीरपुरम स्थित महावीरी सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में बुधवार की देर शाम कृष्णचंद्र गांधी मीडिया संस्थान की ओर से वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय रमेश कुमार श्रीवास्तव की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में जिले के पत्रकारों, शिक्षाविदों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक कमलेश नारायण सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अशोक प्रियंवद उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजय कुमार पाण्डेय ने किया.

पत्रकारिता को नई पहचान देने वाले व्यक्तित्व को किया याद

कृष्णचंद्र गांधी मीडिया संस्थान की ओर से कहा गया कि स्वर्गीय रमेश कुमार श्रीवास्तव जैसे व्यक्तित्व नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं. संस्थान ने कहा कि डेस्क पर रहकर समाचारों को संवारने वाले पत्रकारों का योगदान अक्सर सामने नहीं आ पाता, लेकिन रमेश कुमार श्रीवास्तव ने लगभग ढाई दशक तक अपनी निष्ठा, ईमानदारी और कर्मठता से सीवान की पत्रकारिता को नई पहचान दिलाई.

सहकर्मियों ने साझा की संघर्ष और आत्मीयता की यादें

श्रद्धांजलि सभा उस समय भावुक हो उठी जब उनके सहकर्मी रहे प्रो. अवधेश शर्मा ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन, कार्यशैली और आत्मीय संबंधों को याद किया. अपने अनुभव साझा करते हुए वे भावुक हो गए, जिससे पूरा वातावरण गमगीन हो उठा.

पत्रकारिता के मूल्यों से कभी नहीं किया समझौता

शिक्षाविद् एवं पत्रकार डॉ. गणेश दत्त पाठक ने कहा कि रमेश कुमार श्रीवास्तव का जीवन संघर्ष, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरक उदाहरण है. वहीं मुख्य अतिथि डॉ. अशोक प्रियंवद ने कहा कि उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी पत्रकारिता के मूल्यों और मर्यादाओं से कभी समझौता नहीं किया.

अध्यक्षीय संबोधन में कमलेश नारायण सिंह ने कहा कि व्यक्ति का जीवन भले ही सीमित होता है, लेकिन उसका कृतित्व सदैव अमर रहता है.

बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य लोग रहे उपस्थित

कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के अध्यक्ष रोहित सिंह, आकाश श्रीवास्तव, दीनबंधु सिंह, अंशुमान कुमार, सचिन पर्वत, राकेश गुप्ता, अखिलेश श्रीवास्तव, भास्कर रंजन, विजय, पुष्कर कुमार सहित बड़ी संख्या में पत्रकारों, शिक्षाविदों और गणमान्य नागरिकों ने स्वर्गीय रमेश कुमार श्रीवास्तव को श्रद्धासुमन अर्पित किए.

Also Read : पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त



विज्ञापन
Amarnath Sharma

लेखक के बारे में

By Amarnath Sharma

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन