Siwan News : जीविका फंड में हेराफेरी का आरोप, डीएम से उच्च स्तरीय जांच की मांग
Published by : YUVRAJ RATAN Updated At : 23 May 2026 3:21 PM
प्रतीकात्मक तस्वीर
Siwan News : प्रखंड परियोजना प्रबंधक पर आरोप-प्रत्यारोप, जीविका योजना में जांच की मांग तेज
Siwan News (मनीष गिरि) : सदर प्रखंड के धनौती पंचायत में ग्रामीण विकास विभाग जीविका द्वारा चल रहे विभिन्न योजनाओं में राशि की हेराफेरी एवं गबन का आरोप शीतल जीविका ग्राम संगठन की सचिव ने लगाते हुए डीएम से जांच की मांग की है. शिकायतकर्ता सचिव आशा देवी ने आरोप लगाते हुए कहा है कि समृद्ध जीविका महिला संकुल स्तरीय संगठन द्वारा इसमें नामित अध्यक्ष प्रमीला देवी, सचिव चन्द्रावती देवी, सीएफ बिन्दु राय, जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक, कम्युनिटी को आर्डिनेटर शोभा कुमारी व बुक कीपर चांदनी कुमारी द्वारा आपस में मिलीभगत कर जीविका से प्राप्त होने वाली राशि जो धनौती पंचायत के ग्राम संगठनों एवं महिला संकुल स्तरीय (समूह) संगठन में आ रही का भारी स्तर पर हेराफेरी कर गबन किया जा रहा है.
5 लाख रुपये गबन का आरोप, जांच की उठी मांग
शिकायतकर्ता ने कहा है कि गबन के विरूद्ध आवाज उठाने पर काम से निकालने का बेवजह नोटिस एवं धमकी दिया जाने लगता है, तथा आवाज उठाने वालों का मानदेय भी रोक दिया जाता है. कहा है कि शीतल जीविका महिला ग्राम संगठनों से उक्त पदाधिकारियों ने एवं समृद्ध जीविका महिला संकुल के मिलीभगत करके लगभग पांच लाख रूपये की निकासी कर ली गयी है जो जांच का विषय है. शिकायतकर्ता ने डीएम ने आग्रह किया है कि घनौती पंचायत अन्तर्गत आने वाले सभी ग्राम संगठनों के खाते की गहराई से जांच किया जाए ताकि गबन पर रोक लग सके.
जीविका परियोजना में नया विवाद, बैंक चेक और मानदेय को लेकर गंभीर शिकायत
आवेदन में कहा है कि जिला प्रबंधक (परियोजना) जीविका को भी सूचना दी गयी, परंतु कोई जांच नहीं हुआ. वहीं जब गबन से संबंधित मुद्दा उठाया गया तो शीतल महिला जीविका संगठन सरसा के सामुदायिक उत्प्रेरक शैल कुमारी का मानदेय रोक दिया गया एवं मानदेय देने हेतु प्रखंड परियोजना प्रबंधक द्वारा पांच हजार रुपए राशि की मांग की गयी. नहीं देने पर मानदेय का चेक बिहार ग्रामीण बैंक भरथुई से अपने पास षड्यंत्र रचकर ले गए. वहीं इस संबंध में प्रखंड परियोजना प्रबंधक रजनीश कुमार मिश्रा ने सचिव द्वारा लगाए गए आरोप को सिरे से खरिज करते हुए कहा कि उनके विरूद्ध अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी द्वारा समूह की जांच का निर्देश दिया गया है.
Also Read : Saran News : जलजमाव की समस्या खत्म करने को लेकर प्रशासन अलर्ट, छपरा में ड्रेनेज सिस्टम का हुआ निरीक्षण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










