मई माह में साइबर थाना ने 12 पीड़ितों को लौटाए 2.30 लाख रुपये से अधिक की राशि

Published by : Rajeev Kumar Updated At : 09 Jun 2026 7:50 AM

विज्ञापन

साइबर थाना सीवान.

Siwan News: साइबर ठगी मामले में पुलिस को सफलता मिली है. 12 लोगों की ठगी की राशि वापस कराते हुए करीब 37.52 लाख राशि होल्ड करायी है.एसपी ने लोगों से अपील की कि अगर साइबर ठगी के शिकार होते तो तुरंत साइबर थाना या हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं.

विज्ञापन

सीवान से पंकज कुमार की रिपोर्ट
Siwan News: साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच पीड़ितों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने की दिशा में साइबर थाना ने सफलता हासिल की है. पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने बताया कि मई माह में साइबर थाना की सक्रियता, तकनीकी दक्षता तथा संबंधित बैंकों के साथ बेहतर समन्वय के परिणामस्वरूप साइबर ठगी के शिकार 12 लोगों को ठगी गई राशि वापस दिलाई गई. इस दौरान कुल 2 लाख 30 हजार 880 रुपये की राशि पीड़ितों के खातों में रिफंड कराई गई.

एक माह में 37.52 लाख राशि होल्ड

एसपी ने बताया कि 1 मई से 31 मई तक साइबर थाना ने विभिन्न साइबर अपराध मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 37 लाख 52 हजार 376 रुपये की संदिग्ध राशि होल्ड कराई. साथ ही विभिन्न मामलों की जांच और बैंकिंग संस्थानों से समन्वय स्थापित कर पीड़ितों को उनकी राशि वापस दिलाने में सफलता प्राप्त हुई.

जानिए…कितने लोगों को कितनी राशि लाटायी गयी

रिफंड प्राप्त करने वाले पीड़ितों में तारकेश्वर राजभर को 56,861 रुपये, बेबी सिंह को 49,000 रुपये, श्रीकृष्ण यादव को 30,000 रुपये, सुधीर कुमार शर्मा को 26,786 रुपये, सुरेश सिंह को 25,000 रुपये, अतीउल्लाह को 11,424 रुपये, मोहित कुमार को 10,000 रुपये, चंदन कुमार गुप्ता को 7,000 रुपये, दीपक कुमार सिंह को 5,000 रुपये, संदीप कुमार को 4,000 रुपये, प्रियांशु कुमार दुबे को 3,409 रुपये तथा रमेश कुमार पांडेय को 2,400 रुपये की राशि वापस कराई गई.

एसपी की अपील: संदिग्ध लिंक पर न करें क्लिक

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और आम लोगों को आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए साइबर थाना लगातार कार्रवाई कर रहा है. साइबर ठगी की शिकायत मिलते ही त्वरित तकनीकी अनुसंधान एवं बैंकिंग समन्वय के माध्यम से राशि को होल्ड कराने और पीड़ितों को राहत दिलाने का प्रयास किया जाता है.

पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना मोबाइल फोन न दें. बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी, एटीएम विवरण अथवा ओटीपी किसी के साथ साझा न करें. इसके अलावा किसी भी संदिग्ध लिंक, संदेश या एपीके फाइल को खोलने से बचें.

पुलिस की सलाह: साइबर ठगी होने पर शिकायत दर्ज कराएं

साइबर ठगी की आशंका होने या घटना घटित होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, साइबर क्राइम पोर्टल अथवा निकटतम साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है. पुलिस का कहना है कि समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है.
Also Read : सीवान में सनसनी: बगीचे में पेड़ से लटका मिला अधेड़ का शव, जमीन से महज एक बीता ऊपर था पैर

विज्ञापन
Rajeev Kumar

लेखक के बारे में

By Rajeev Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन