सीवान में प्रदर्शन के दौरान AK-47 से फायरिंग मामले में सिपाही निलंबित, एसपी बोले- बिना आदेश चलाई गई गोली

Updated:
विज्ञापन
घटना की फाइल तस्वीर

घटना की फाइल तस्वीर

Siwan News : सीवान में नीट परीक्षा से जुड़े प्रदर्शन के दौरान हुई फायरिंग की घटना ने सनसनी फैला दी है. पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर एक सिपाही को निलंबित कर दिया है. एसपी ने स्पष्ट किया कि सिपाही ने बिना किसी आदेश के गोली चलाई थी, जिसे आत्मरक्षा का दावा किया जा रहा है.

विज्ञापन

Siwan News : नीट परीक्षा से जुड़े प्रदर्शन के दौरान हुई फायरिंग की घटना में पुलिस प्रशासन ने प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने कहा कि सिपाही ने बिना किसी आदेश के गोली चलाई, जो निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं था. मामले में विभागीय जांच शुरू कर दी गई है.

पथराव के बीच भीड़ में फंसने पर की फायरिंग

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार संबंधित पुलिसकर्मी जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की टीम के साथ किसी अन्य कार्य से जा रहा था. इसी दौरान प्रदर्शन के बीच पथराव और अफरा-तफरी की स्थिति में वह भीड़ में फंस गया. प्रशासन के अनुसार, इसी परिस्थिति में सिपाही ने आत्मरक्षा में गोली चलाई.

फायरिंग का नहीं था कोई आदेश

एसपी पूरन कुमार झा ने स्पष्ट किया कि संबंधित सिपाही को फायरिंग करने का कोई आदेश नहीं दिया गया था. उन्होंने कहा कि उसे हवाई फायरिंग भी नहीं करनी चाहिए थी और न ही उस परिस्थिति में सार्वजनिक स्थान पर इस प्रकार का शस्त्र लेकर जाना चाहिए था. उन्होंने माना कि पुलिसकर्मी की कार्रवाई निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं थी.

विभागीय जांच शुरू, अफवाहों से बचने की अपील

एसपी ने बताया कि बिना अनुमति फायरिंग करने वाले सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. उसके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

सत्यापित जानकारी पर ही करें भरोसा

पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की कि घटना को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी सत्यापित तथ्यों पर ही भरोसा करें. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों के उल्लंघन के हर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

Also Read : राजस्व और न्यायालयीन मामलों में तेजी लाने का डीएम का निर्देश, लंबित मामलों की हुई समीक्षा



विज्ञापन
अमरनाथ शर्मा

लेखक के बारे में

By अमरनाथ शर्मा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन