सीवान: बेटी को जबरन ले जाने का विरोध करने वाली मां की संदिग्ध मौत, परिजनों ने होमगार्ड जवान पर लगाया आरोप
मृतका की रिपोर्ट तैयार करती पुलिस
बसंतपुर में एक माँ की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है. परिजनों का आरोप है कि बेटी को जबरन बाइक पर ले जाने का विरोध करने पर होमगार्ड जवान और उसके परिवार ने महिला को धमकी दी. बाद में महिला की तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान मौत हो गई.
सीवान. बसंतपुर थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. परिजनों का आरोप है कि बेटी को जबरन बाइक पर ले जाने का विरोध करने के बाद बिहार होमगार्ड के जवान मुन्ना मांझी और उसके परिजनों की ओर से धमकियां दी जा रही थीं. इसी बीच बुधवार को शीला देवी की तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.
मृतका की पहचान श्यामपुर निवासी विनोद तिवारी की 42 वर्षीय पत्नी शीला देवी के रूप में हुई है. मृतका के पति का आरोप है कि उनकी बेटी का पिछले दो वर्षों से खेड़वा निवासी शैलेश मांझी के पुत्र मुन्ना मांझी से प्रेम संबंध था. बीते महीने मुन्ना उनकी बेटी को लेकर फरार हो गया था. शिकायत के बाद पुलिस ने बेटी को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था.
मंदिर जाने के दौरान बेटी को बाइक से ले जाने का आरोप
परिजनों के अनुसार, मंगलवार की शाम शीला देवी अपनी बेटी के साथ मंदिर जा रही थीं. इसी दौरान मुन्ना मांझी बाइक से पहुंचा और कथित तौर पर बेटी को जबरन बाइक पर बैठाकर ले गया. शीला देवी ने कुछ दूरी तक उसका पीछा भी किया, लेकिन वह फरार हो गया. परिजनों का कहना है कि घटना की शिकायत लेकर थाना पहुंचने के बावजूद तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई.
पति को फोन कर धमकी देने की बतायी बात
बुधवार को शीला देवी ने पति को फोन कर बताया कि बेटी को ले जाने के बाद मुन्ना और उसके कुछ परिजन उन्हें धमका रहे हैं और घर पहुंचकर उनकी तलाश कर रहे हैं. कुछ देर बाद उन्होंने फोन पर बताया कि मुन्ना ने उन्हें किसी गलत दवा का इंजेक्शन दिया है और उनकी तबीयत बिगड़ रही है.
इसके बाद पति उन्हें तत्काल बसंतपुर पीएचसी ले गये, जहां से सदर अस्पताल रेफर किया गया. सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने शीला देवी को मृत घोषित कर दिया.
परिजनों को मिला कथित नोट
मौत के बाद परिजनों के हाथ एक कथित नोट लगा है, जिसे वे शीला देवी द्वारा मौत से पहले लिखा हुआ बता रहे हैं. इसमें मुन्ना मांझी, शैलेश मांझी और उनकी बहन पर धमकी देने और उन्हें तलाशने का आरोप लगाया गया है. नोट में शीला देवी ने बेटी को लेकर भागने की घटना देखने के बाद खुद को मिल रही धमकियों का भी जिक्र किया है. हालांकि, नोट की सत्यता और उसमें लिखी बातों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
सदर अस्पताल टीओपी प्रभारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार कराया गया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. मामले में आवेदन बसंतपुर थाना में देने को कहा गया है. उन्होंने बताया कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. परिजनों द्वारा लगाए गये आरोपों और कथित नोट की भी जांच की जरूरत है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए