डीआरएम ने भटनी–सीवान रेलखंड का किया मेगा निरीक्षण, अमृत भारत योजना से लेकर संरक्षा तक परखी व्यवस्थाएं

निरीक्षण करते अधिकारी
Siwan News : पूर्वोत्तर रेलवे के DRM आशीष जैन ने भटनी-सीवान रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया. उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सीवान स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया.
Siwan News : पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने सोमवार को मंडलीय अधिकारियों के साथ भटनी–सीवान रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सीवान रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों, जीरादेई स्टेशन, रेलवे यार्ड, समपार फाटकों, रेलवे कॉलोनी, स्वास्थ्य केंद्र तथा मैरवा में निर्माणाधीन गुड्स शेड का जायजा लिया.
अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की समीक्षा
डीआरएम ने सीवान रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया. साथ ही स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, संरक्षा व्यवस्था, परिचालन प्रबंधन और रेलवे परिसंपत्तियों के रखरखाव का भी निरीक्षण किया.
जीरादेई स्टेशन और रेलवे यार्ड का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान डीआरएम जीरादेई स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने यात्री सुविधाओं, स्टेशन परिसर की स्वच्छता और परिचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इसके बाद जीरादेई रेलवे यार्ड में 205-बी प्वाइंट एवं क्रॉसिंग की तकनीकी जांच कर अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता और संरक्षा मानकों के पालन के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि रेल परिचालन में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी तकनीकी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे होने चाहिए.
समपार फाटकों पर जांच, संरक्षा मानकों के पालन के निर्देश
डीआरएम ने सीवान–जीरादेई रेलखंड के समपार संख्या 94/ए-सी तथा सीवान यार्ड के समपार संख्या 91 स्पेशल का भी निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने संचार व्यवस्था, संरक्षा उपकरण, सेफ्टी टूल्स, बूम लॉकिंग प्रणाली तथा गेटमैन की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया. अधिकारियों को सभी संरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
रेलवे कॉलोनी और स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाएं परखी
डीआरएम ने सीवान रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण कर रेल कर्मचारियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली. उन्होंने कॉलोनी में बच्चों के लिए पार्क विकसित करने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इसके अलावा सीवान रेलवे स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर चिकित्सा सुविधाओं और कर्मचारियों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की.
मैरवा गुड्स शेड के निर्माण कार्य का लिया जायजा
मैरवा स्टेशन यार्ड में निर्माणाधीन गुड्स शेड का निरीक्षण करते हुए डीआरएम ने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए तथा रेल संरक्षा, परिचालन व्यवस्था और व्यापारिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया.
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बलेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर अमित मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष गुप्ता, मंडल विद्युत इंजीनियर दीपक यादव सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे.
Also Read : राजस्व और न्यायालयीन मामलों में तेजी लाने का डीएम का निर्देश, लंबित मामलों की हुई समीक्षा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










