Sitamarhi News: सीतामढ़ी में जमीन विवाद का खूनी खेल: मारपीट में गंभीर रूप से घायल महिला की पटना में मौत
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 25 May 2026 5:13 PM
Sitamarhi News: सीतामढ़ी में जमीन विवाद का खूनी खेल: मारपीट में गंभीर रूप से घायल महिला की पटना में मौत
Sitamarhi News: सीतामढ़ी के बथनाहा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में घायल महिला मोकिमन खातून की पटना पीएमसीएच में मौत हो गई. मृतका की बेटी ने सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है.पढ़ें पूरी खबर…
Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले से जमीन विवाद में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. बथनाहा थाना क्षेत्र के बैहरा बराही पंचायत अंतर्गत धर्मपुर गांव में बीते दिनों हुई मारपीट की घटना में घायल एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतका की पहचान स्थानीय निवासी मो. रजक मंसूरी की 50 वर्षीय पत्नी मोकिमन खातून के रूप में की गई है. महिला की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में तनाव का माहौल है.
जमीन विवाद में घर में घुसकर पीटा
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, बीते 18 मई की देर रात जमीन संबंधी पुराने विवाद को लेकर गांव के ही कुछ दबंगों ने मोकिमन खातून के घर पर हमला बोल दिया था. आरोपियों ने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं. घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. परिजनों ने आनन-फानन में घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल, सीतामढ़ी में भर्ती कराया.
मुजफ्फरपुर से पटना तक चला इलाज
सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया था. मुजफ्फरपुर में भी हालत में कोई सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत पीएमसीएच, पटना भेजा गया. पटना के अस्पताल में जिंदगी और मौत से लड़ते हुए आखिरकार 24 मई को महिला ने दम तोड़ दिया.
सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, पुलिस की छापेमारी
इस खूनी वारदात को लेकर मृतका की पुत्री चांदनी खातून ने बथनाहा थाना में लिखित आवेदन दिया है. इसमें घटना में शामिल चार महिलाओं और तीन पुरुषों समेत कुल सात लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. बथनाहा थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. नामजद आरोपियों में मो. हनीफ मंसूरी, मुस्तुफा मंसूरी, अशीर मंसूरी, हजरुल खातून, हसबुल खातून, अमना खातून व जैलस खातून शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है.
सीतामढ़ी से रतिकांत झा की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










