स्कूलों में तिरंगा फहराना अनिवार्य, प्रतिनिधि नहीं कर सकेंगे झंडोत्तोलन, शिक्षा विभाग का सख्त निर्देश
स्वतंत्रता दिवस 2026 पर राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में झंडोत्तोलन अनिवार्य कर दिया गया है. शिक्षा विभाग ने इसके लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं. जानें कौन झंडा फहराएगा और कौन नहीं.
Sitamarhi News: स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर सीतामढ़ी समेत राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में 15 अगस्त को झंडोत्तोलन अनिवार्य किया गया है. शिक्षा विभाग के निदेशक यतेंद्र कुमार पाल ने इस संबंध में सभी डीईओ, डीपीओ एवं बीईओ को दिशा-निर्देश जारी कर कार्यक्रम का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है. विद्यालयों में झंडोत्तोलन कार्यक्रम भारतीय झंडा संहिता, 2002 के नियमों के अनुरूप गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित करना होगा.
क्या है शिक्षा विभाग का ताजा निर्देश
शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुसार स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी. विद्यालय में झंडोत्तोलन के लिए सबसे पहले अध्यक्ष, प्रबंध समिति/विद्यालय शिक्षा समिति से अनुरोध किया जाएगा.
यदि अध्यक्ष उपलब्ध नहीं रहते हैं तो विद्यालय के प्रधानाध्यापक झंडोत्तोलन करेंगे. प्रधानाध्यापक की अनुपलब्धता की स्थिति में विद्यालय के वरीय शिक्षक को यह जिम्मेदारी दी जाएगी.
प्रतिनिधि के झंडोत्तोलन पर रहेगी रोक
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अध्यक्ष, प्रबंध समिति या विद्यालय शिक्षा समिति की ओर से कोई प्रतिनिधि कार्यक्रम में आता है तो उसे सम्मानपूर्वक समारोह में शामिल किया जाएगा, लेकिन किसी भी परिस्थिति में प्रतिनिधि झंडोत्तोलन नहीं कर सकेगा.
विद्यालय प्रधान को समिति के सभी सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित करने का निर्देश दिया गया है. अभिभावकों को भी बच्चों के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा.
राष्ट्रगीत से शुरू होगा कार्यक्रम
विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए कार्यक्रम की रूपरेखा भी तय की गई है. इसके तहत राष्ट्रगीत का गायन, झंडोत्तोलन, राष्ट्रगान, भाषण एवं संबोधन सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
भारतीय झंडा संहिता का करना होगा पालन
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी विद्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज से संबंधित नियमों का पालन अनिवार्य होगा. कार्यक्रम को गरिमापूर्ण एवं अनुशासित तरीके से आयोजित कराने की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रधान एवं अधिकारियों की होगी.
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी: 16 अगस्त को रीगा में किसान महापंचायत, पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह होंगे मुख्य अतिथि
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









