रोज 8-10 घंटे पढ़ाई, फिर मिली सफलता... सोनबरसा के मो. मोदब्बीर खान ने NEET UG 2026 में हासिल की AIR 25625

अपने माता पिता के साथ मो. मोदब्बीर खान
महुलिया के मो. मोदब्बीर खान ने NEET UG 2026 में 566 अंक लाकर 25,625 की ऑल इंडिया रैंक हासिल की है. शिक्षक माता-पिता का डॉक्टर बनाने का सपना साकार हुआ है. रोजाना 8-10 घंटे की पढ़ाई और अनुशासन उनकी सफलता की कुंजी बनी.
NEET UG 2026 Success Story: प्रखंड क्षेत्र के महुलिया निवासी मो. मोदब्बीर खान ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG 2026) में शानदार सफलता हासिल कर परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. उन्होंने 566 अंक प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 25,625 हासिल की है.
उनकी इस उपलब्धि के बाद परिवार में खुशी का माहौल है. रिश्तेदार, शुभचिंतक और स्थानीय लोग लगातार बधाई देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं.
शिक्षक माता-पिता का सपना हुआ साकार
मो. मोदब्बीर खान, महुलिया निवासी मो. शुऐबुर रहमान और यासमीन खानम के पुत्र हैं. उनके माता-पिता दोनों सहायक शिक्षक हैं और लंबे समय से बेटे को डॉक्टर बनते देखने का सपना संजोए हुए थे.
परिवार का कहना है कि NEET में मिली सफलता के साथ उनका यह सपना अब साकार होने की दिशा में बढ़ गया है.
रोज 8 से 10 घंटे की पढ़ाई बनी सफलता की कुंजी
मोदब्बीर के मामा हैदर अली खान ने बताया कि वह बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं. पढ़ाई के प्रति उनका समर्पण ऐसा था कि वे प्रतिदिन 8 से 10 घंटे नियमित अध्ययन करते थे.
उन्होंने बताया कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प के दम पर मोदब्बीर ने देश की प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा में यह सफलता हासिल की है.
समाजसेवियों ने परिवार को किया सम्मानित
मोदब्बीर की अनुपस्थिति में समाजसेवी मो. कमर अख्तर ने उनके माता-पिता को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि मोदब्बीर की उपलब्धि क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है.
उन्होंने कहा कि यदि छात्र स्पष्ट लक्ष्य बनाकर नियमित मेहनत और सही मार्गदर्शन के साथ तैयारी करें तो सफलता जरूर मिलती है.
"समय प्रबंधन और लगातार अभ्यास सबसे बड़ी ताकत रही"
फोन पर बातचीत में मो. मोदब्बीर खान ने बताया कि NEET की तैयारी के दौरान उन्होंने नियमित पढ़ाई, समय प्रबंधन और निरंतर अभ्यास को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाया.
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया. मोदब्बीर ने कहा कि उनका लक्ष्य एक कुशल और संवेदनशील डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है. साथ ही उन्होंने NEET की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को निराश हुए बिना आत्मविश्वास और लगातार मेहनत के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










