Sitamarhi News: लंबित नीलाम पत्र वादों के त्वरित निष्पादन के निर्देश, हर माह 50 मामलों का लक्ष्य

समीक्षात्मक बैठक करते तिरहुत के प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह
तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने सीतामढ़ी और शिवहर में नीलाम पत्र वादों और राजस्व वसूली की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को सप्ताह में तीन दिन कोर्ट करने और प्रतिमाह 50 वादों के निष्पादन का लक्ष्य दिया है. बड़े और पुराने बकायेदारों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.
Tirhut Commissioner: तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने शनिवार को समाहरणालय स्थित सभागार में सीतामढ़ी और शिवहर जिले के नीलाम पत्र वादों एवं राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा की. बैठक में लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन और राजस्व वसूली में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए.
सप्ताह में तीन दिन कोर्ट करने का निर्देश
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी नीलाम पत्र पदाधिकारी सप्ताह में कम-से-कम तीन दिन नियमित रूप से कोर्ट कार्य करें. साथ ही प्रत्येक पदाधिकारी के लिए प्रतिमाह न्यूनतम 50 नीलाम पत्र वादों के निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया जाए.
पुराने और बड़े बकायेदारों पर प्राथमिकता से कार्रवाई
उन्होंने कहा कि लंबित मामलों के निष्पादन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए. बड़े और पुराने बकायेदारों के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए.
पुलिस विभाग के सहयोग से वारंट निष्पादित करने के निर्देश
आयुक्त ने लंबित वारंटों के त्वरित निष्पादन के लिए पुलिस विभाग से समन्वय बढ़ाने तथा नीलाम पत्र एवं पुलिस अधिकारियों को संयुक्त रूप से कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
जिले में 10,525 नीलाम पत्र वाद लंबित
बैठक में जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी अभिराम त्रिवेदी ने बताया कि 31 जुलाई 2026 तक जिले में 10,525 नीलाम पत्र वाद लंबित हैं, जबकि 833 बॉडी वारंट जारी किए जा चुके हैं.
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 352 मामलों का निष्पादन किया गया है और 9 करोड़ 52 लाख 6 हजार 358 रुपये की राजस्व वसूली हुई है.
बैठक में प्रभारी डीएम सह डीडीसी श्वेता भारती, शिवहर डीएम प्रतिभा रानी, सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन, शिवहर एसपी शैलेंद्र सिंह, अपर समाहर्ता बृजकिशोर पांडेय सहित दोनों जिलों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राकेश कुमार राज
राकेश पिछले 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वे प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. राकेश क्राइम रिपोर्टिंग के अलावा सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने के लिए जाने जाते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति और दिलचस्प किस्से-कहानियों में उनकी विशेष रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










