सीतामढ़ी: डीटीओ कार्यालय में डीएम का छापा, दो होमगार्ड निलंबित, एफआईआर का आदेश
फ़ोटो- निरीक्षण करते डीएम | Prabhat Khabar Network
डुमरा में डीएम रिची पांडेय ने जिला परिवहन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। अनियमितता पाए जाने पर दो होमगार्ड जवानों को निलंबित कर प्राथमिकी दर्ज की गई।
डुमरा: सीतामढ़ी जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) में अनियमितताओं की शिकायत मिलने के बाद बुधवार को जिलाधिकारी रिची पांडेय ने औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान शिकायतें प्रथमदृष्टया सही पाई गईं. इसके बाद डीएम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो होमगार्ड जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया.
दो होमगार्ड जवानों पर गिरी गाज
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ) ने बताया कि निरीक्षण के दौरान होमगार्ड जवान त्रिपुरारी सिंह और इशकी लाल की भूमिका संदिग्ध पाई गई. इसके बाद दोनों को तत्काल निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने और प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश संबंधित अधिकारियों को दिया गया.
बाहरी लोगों की सक्रियता भी आई सामने
जांच के दौरान जिला परिवहन कार्यालय परिसर में रवि कुमार और राजकुमार नामक दो बाहरी व्यक्तियों की सक्रियता भी सामने आई. प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों कार्यालय से जुड़े विभिन्न कार्यों में अभ्यर्थियों की ओर से हस्तक्षेप करते थे. उन पर पैसे लेकर काम कराने के आरोप भी लगे हैं. डीएम ने इन आरोपों की गहन जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है.
दलाली पर रोक लगाने के दिए निर्देश
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) को कार्यालय की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि कार्यालय में बाहरी व्यक्तियों के अनधिकृत प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाई जाए और दलाली की किसी भी संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जाए. साथ ही आम लोगों को बिना किसी बिचौलिये के समयबद्ध और सुगम सेवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
भ्रष्टाचार पर सख्त रुख
डीएम रिची पांडेय ने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार, दलाली और अनधिकृत हस्तक्षेप किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यदि कोई व्यक्ति या कर्मचारी ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढे़ं: सोशल मीडिया पर लाइक्स का जानलेवा डोपामाइन, जानिए उत्तर बिहार में रील से मौतों का पूरा भयानक सच
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










