सीतामढ़ी में स्वच्छता कर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित
नगर निगम कार्यालय परिसर में मौजूद कर्मी
सीतामढ़ी में नगर निगम के स्वच्छता कर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रहने से शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है. कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
Sitamarhi News: विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम के स्वच्छता कर्मियों की हड़ताल बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रही. बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष स्वच्छता कर्मी नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन और नारेबाजी करते रहे. आंदोलन के कारण शहर की सफाई व्यवस्था लगातार दूसरे दिन भी प्रभावित रही.
Nagar Nigam News: नगर निगम कार्यालय पर किया प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान स्वच्छता कर्मियों ने सरकार और आउटसोर्सिंग व्यवस्था के खिलाफ नाराजगी जताई. कर्मियों का कहना था कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
मजदूरी, स्थायी नियुक्ति और आउटसोर्सिंग का उठाया मुद्दा
स्वच्छता कर्मियों ने समय पर मजदूरी भुगतान, मजदूरी में वृद्धि, स्थायी नियुक्ति तथा आउटसोर्सिंग व्यवस्था में सुधार की मांग दोहराई. उनका आरोप था कि लंबे समय से समय पर वेतन नहीं मिलने के कारण परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है.
हंगामे की आशंका में महिला पुलिस बल रही तैनात
प्रदर्शन और संभावित हंगामे की आशंका को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने नगर निगम कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी. दोपहर में महिला पुलिस बल की तैनाती की गई. पुलिसकर्मी शाम करीब पांच बजे तक कार्यालय परिसर में मौजूद रहकर पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रहे. हालांकि, इससे पहले अधिकांश प्रदर्शनकारी कर्मी वहां से जा चुके थे.
सफाई व्यवस्था प्रभावित, लोगों की बढ़ी परेशानी
हड़ताल के कारण शहर के कई मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित सफाई नहीं हो सकी. इससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. यदि आंदोलन लंबा चला तो शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर और अधिक असर पड़ने की आशंका है. नगर निगम प्रशासन ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे की कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देश की प्रतीक्षा की जा रही है.
यह भी पढ़ें: एसएसबी 20वीं वाहिनी का सिलाई प्रशिक्षण संपन्न, 22 महिलाओं को मिला प्रमाणपत्र और टूल किट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रतिकांत झा
रतिकांत पिछले करीब 17 वर्षों से पत्रकारिता में निरंतर कार्यरत हैं. उन्हें राजनीति, धर्म-अध्यात्म, पर्व-त्योहार, अपराध, सामाजिक सरोकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं जैसे बहुआयामी विषयों पर लगातार सटीक रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव प्राप्त है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










