शेखपुरा में कोर्ट और अधिवक्ता संघ भवन का फायर ऑडिट, वकीलों के भवन में सुरक्षा इंतजाम नहीं मिलने पर चेतावनी
फायर ऑडिट करते हुए अग्निशमन अधिकारी | Prabhat Khabar Network
शेखपुरा जिला न्यायालय और जिला अधिवक्ता संघ भवन में गुरुवार को अग्नि सुरक्षा साधनों का फायर ऑडिट किया गया. न्यायालय के नवनिर्मित भवन में आधुनिक स्वचालित सुरक्षा उपकरण मिले, जबकि अधिवक्ता संघ भवन में सुरक्षा संसाधनों की भारी कमी पाई गई.
Sheikhpura Fire Audit : अग्निशमन विभाग द्वारा गुरुवार को शेखपुरा जिला न्यायालय और जिला अधिवक्ता संघ भवन में अग्नि सुरक्षा साधनों का अंकेक्षण किया गया. फायर ऑडिट की कार्रवाई अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सुधीर कुमार के नेतृत्व में की गई.
देश के विभिन्न सरकारी और निजी संस्थानों में अगलगी की बढ़ती घटना के बाद सरकार के निर्देशों के आलोक में सभी सार्वजनिक भवनों, अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों आदि का आग से बचाव को लेकर फायर ऑडिट करने का काम चल रहा है.
जिला न्यायालय के नवनिर्मित भवन में आधुनिक सुरक्षा साधन
इस संबंध में जानकारी देते हुए अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि जिला न्यायालय के नवनिर्मित भवन में आग से बचाव के सभी स्वचालित साधन मौजूद हैं. यहां आग लगने की घटना के बाद अग्निशमन दल को बुलाने की आवश्यकता भी नहीं है.
आग लगने की घटना के बाद स्वतः सेंसरयुक्त पानी का फव्वारा और एक्झास्टर पंखा कार्य करना शुरू कर देगा, जिससे आग की घटना से बहुत कम नुकसान उठाना पड़ेगा. आग की घटना से धुआं भी कमरे में नहीं रह पाएगा.
अधिवक्ता संघ भवन में सुरक्षा संसाधनों की कमी
दूसरी ओर, उन्होंने चेतावनी देते हुए जिला अधिवक्ता संघ के महासचिव विनोद कुमार सिंह से आग्रह किया कि अधिवक्ता संघ भवन में आग से सुरक्षा को लेकर कोई भी संसाधन मौजूद नहीं है.
उन्होंने संघ के महासचिव को मानकों के अनुसार सभी आग से बचाव के संयंत्र संघ भवन में लगाते हुए अग्निशमन विभाग से प्रमाण पत्र प्राप्त करने का सुझाव दिया.
अग्नि से बचाव को लेकर अनुभव और सावधानी की सीख
उन्होंने न्यायालय कर्मियों और अधिवक्ताओं को आग के संबंध में अपने अनुभव को साझा करते हुए बताया कि अग्नि मानव सभ्यता का सबसे प्राचीन उपयोगी संसाधन है.
यह हमारा मित्र है, लेकिन अग्नि के साथ मित्रता तभी तक है जब तक हम पूरी सावधानी के साथ उसका उपयोग करते हैं. असावधानी और लापरवाही में आग हमारा सबसे बड़ा दुश्मन बन जाता है.
पहले से तैयारी करने का आग्रह
इसलिए उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया कि आग से बचाव को लेकर हमें पहले ही तैयारी कर लेनी होगी. आग लगने की घटना के बाद किए जाने वाले कार्य हमें आग से पूरी तरह बचाव नहीं कर सकते हैं. बाद के उपाय करते-करते लंका दहन लगभग हो जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









