शिवहर में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी तेज, 12 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
बैठक करती डीएम प्रतिभा रानी एवं अन्य पदाधिकारी
आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र शिवहर में 'हर घर तिरंगा' अभियान को सफल बनाने के लिए डीएम प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. अभियान को जनआंदोलन का रूप देने और पंचायतवार तिरंगा वितरण की योजना पर जोर दिया गया.
Sheohar News: आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर "हर घर तिरंगा" अभियान को सफल बनाने के लिए बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में डीएम प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन का रूप देने पर जोर दिया गया. डीएम ने संबंधित अधिकारियों को अभियान के प्रभावी संचालन और अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए.
पंचायतवार तिरंगा वितरण की तैयारी
बैठक में डीएम ने सभी घरों और संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने, फ्लैग कोड का पालन सुनिश्चित करने तथा "वंदे मातरम् @150 वर्ष" कार्यक्रम के व्यापक आयोजन पर जोर दिया. उन्होंने जीविका डीपीएम को प्रत्येक प्रखंड के लिए चार हजार तिरंगे उपलब्ध कराने तथा सभी बीडीओ को पंचायतवार वितरण योजना तैयार कर घर-घर संपर्क अभियान चलाने का निर्देश दिया.
विद्यालयों और पंचायतों में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
डीएम ने जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गा प्रसाद यादव को सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में अभियान सफलतापूर्वक संचालित कराने का निर्देश दिया. साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा.
12 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
बैठक में निर्णय लिया गया कि 12 अगस्त को प्रखंड एवं जिला स्तर पर समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी. इसके अलावा तिरंगा वितरण अभियान, बाइक एवं साइकिल रैली, सामूहिक वंदे मातरम् गायन, रंगोली, चित्रकला और क्विज प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. सरकारी भवनों को तिरंगा रोशनी से सजाया जाएगा तथा "सेल्फी विद तिरंगा" अभियान भी चलाया जाएगा.
जनता दरबार में सुनी 13 फरियादियों की समस्याएं
बैठक के बाद डीएम प्रतिभा रानी ने समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 13 फरियादियों की समस्याएं सुनीं. अधिकांश शिकायतें राजस्व, भूमि विवाद, नापी, जमाबंदी में नाम जोड़ने तथा भूमि दखल से संबंधित थीं. डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए फरियादियों को त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










