शिवहर के देकुली धाम में पहली सोमवारी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 80 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

Updated:
विज्ञापन

श्रद्धालुओं की भीड़

सावन की पहली सोमवारी पर शिवहर भक्तिमय हो गया. देकुली धाम में 80 हजार से अधिक शिवभक्तों ने भारी बारिश के बीच भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया. श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए कामना की.

विज्ञापन

Sheohar News: सावन की पहली सोमवारी पर झमाझम बारिश के बीच पूरा शिवहर शिवभक्ति में सराबोर रहा. जिले के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल बाबा भुवनेश्वरनाथ देकुली धाम सहित विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. देकुली धाम में सुबह एक बजे बाबा के श्रृंगार पूजन के बाद दोपहर तीन बजे तक करीब 80 हजार शिवभक्तों ने कतारबद्ध होकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की.

 देकुली धाम में सुबह से लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतार

सावन की पहली सोमवारी पर देकुली धाम स्थित बाबा भुवनेश्वरनाथ मंदिर में तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं. श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा एवं अक्षत अर्पित कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की. मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से गूंजता रहा.

बारिश के बीच भी नहीं टूटी शिवभक्तों की आस्था

दोपहर करीब 12 बजे हुई झमाझम बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकी. बच्चे, बुजुर्ग, युवा एवं महिलाएं भगवान शिव के भजन गाते हुए जलाभिषेक करते रहे. जिले के रसीदपुर स्थित गौरीशंकर मंदिर, रानी पोखर शिव मंदिर, पछियारी पोखर शिव मंदिर, पिपराही शिव मंदिर समेत अन्य गांवों के शिवालयों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही.

सेवा दल ने संभाली व्यवस्था

जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सेवा दल के सदस्य राकेश गुप्ता, सुशील कुमार, मोतिलाल कुमार, सूरज कुमार, नीतीश कुमार, संदीप कुमार एवं सुबोध कुमार लगातार सहयोग करते रहे. स्वयंसेवकों ने कतार व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सहायता में सक्रिय भूमिका निभाई.

प्रशासनिक व्यवस्था रही चाक-चौबंद

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए देकुली धाम मंदिर परिसर में एसडीएम डॉ. अनंत कुमार, एसडीपीओ अनुशील कुमार, मेडिकल टीम एवं अन्य अधिकारी कैंप कर रहे थे. मंदिर परिसर और जिले के अन्य प्रमुख शिवालयों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन एवं जलाभिषेक कराया गया.

यह भी पढ़ें: श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम, हलेश्वर स्थान पर बना अस्थायी थाना


विज्ञापन
मनीष नंदन सिंह

लेखक के बारे में

By मनीष नंदन सिंह

मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन