रोहतास : नई बाइक लेकर घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, साथी गंभीर, जेब से मिली हल्दी लगी पर्ची ने बढ़ाई चर्चा

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर. (AI Image)

बिक्रमगंज में नई बाइक लेकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, साथी गंभीर। मृतक की जेब से मिली हल्दी लगी पर्ची ने दहेज की चर्चाओं को तेज कर दिया है।

विज्ञापन

प्रतिनिधि, बिक्रमगंज. बिक्रमगंज-नटवार पथ पर थाना क्षेत्र के कोल्हा गांव के समीप बुधवार की शाम करीब 5.30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में नई बाइक खरीदकर घर लौट रहे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अनुमंडलीय अस्पताल बिक्रमगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया.

अज्ञात वाहन की टक्कर से गई जान

मृतक की पहचान दिनारा थाना क्षेत्र के सैसड़ गांव निवासी गुप्तेश्वर पाठक के 25 वर्षीय पुत्र मिथिलेश पाठक के रूप में हुई है. वहीं घायल युवक की पहचान विजय कुमार के पुत्र सोनू कुमार के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार दोनों युवक बुधवार को बिक्रमगंज से नई हीरो मोटरसाइकिल खरीदकर गांव लौट रहे थे. बाइक पर शोरूम की अस्थायी नंबर प्लेट लगी हुई थी. इसी दौरान कोल्हा गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में मिथिलेश पाठक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोनू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है.

जेब से मिली हल्दी लगी पर्ची बनी चर्चा का विषय

हादसे के बाद मृतक की जेब से हल्दी लगी एक पर्ची बरामद हुई, जिसे लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पर्ची में दुर्गेश पांडेय, पिता प्रमोद पांडेय, ग्राम गौरा, थाना कोचस का नाम और एक मोबाइल नंबर अंकित था. साथ ही उस पर शुभ लग्न के प्रतीक के रूप में हल्दी लगी हुई थी.

दहेज या विवाह से जुड़ी चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं

स्थानीय लोगों का अनुमान है कि नई खरीदी गई बाइक संभवतः विवाह या दहेज से जुड़ी हो सकती है. हालांकि, इस संबंध में परिजनों या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. फिलहाल इसे केवल स्थानीय चर्चा के रूप में देखा जा रहा है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

रोहतास के योगिया हत्याकांड में मुख्य आरोपित गिरफ्तार, गाजीपुर से दबोचा गया अजीत तिवारी


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन