Sasaram News : बाबा वीर कुंवर कला परिषद रत्तु बिगहा में 58 साल से हो रही मां दुर्गा की पूजा
Published by : PRABHANJAY KUMAR Updated At : 14 Sep 2025 9:38 PM
डालमियानगर के रत्तु बिगहा में बाबा वीर कुंवर कला परिषद द्वारा पंडाल लगाकर मां दुर्गा की पूजा 58 वर्षों से की जा रही है
डालमियानगर. डालमियानगर के रत्तु बिगहा में बाबा वीर कुंवर कला परिषद द्वारा पंडाल लगाकर मां दुर्गा की पूजा 58 वर्षों से की जा रही है. पंडाल का निर्माण बांस द्वारा उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में स्थापित मां दुर्गा मंदिर के आधार पर बंगाल के कारीगरों द्वारा हो रहा है. लगभग 3.5 लाख की लागत से लगभग 60 फुट लंबा, 40 फुट चौड़ा तथा 75 फुट ऊंचा पंडाल के निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है. लोगों के बीच आकर्षण व मंदिर का स्वरूप देने के लिए पंडाल में चार छोटे व मध्य में एक बड़ा गुंबज का निर्माण होगा. स्थानीय कलाकारों द्वारा लगभग 35 हजार रुपये की लागत से 7 फुट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा के साथ उनकी सवारी शेर, महिषासुर, मां सरस्वती, मा लक्ष्मी, गणेश, कार्तिक इत्यादि की प्रतिमा स्थापित की जायेगी. पंडाल में होगा भव्य सजावट कमेटी के अध्यक्ष धनजी सिंह के अनुसार स्थानीय कलाकारों द्वारा पंडाल के अंदर रंग-बिरंगे फूल व चित्रकारी से सजावट किया जायेगा. लोगों के बीच आकर्षण के लिए पंडाल के अंदर रंग-बिरंगे लाइटिंग के साथ शेर व राक्षस का आवाज उत्पन्न करने वाला उपकरण लगाया जायेगा. मां दुर्गा, उनकी सवारी शेर, महिषासुर व उसकी सवारी भैंसा के आंखों में अलग-अलग रंग के लाइटिंग की व्यवस्था होगी. इससे आकर्षण के साथ आसानी से पहचाना जा सके. चारों ओर होगी लाइटिंग की व्यवस्था अध्यक्ष के अनुसार, पंडाल परिसर के साथ आवागमन वाले मार्गों पर लगभग एक किलोमीटर तक लाइटिंग की व्यवस्था होगी. रत्तु बिगहा चौक से मौनिया बिगहा तक, रत्तु बिगहा से सीमेंट फैक्ट्री गेट के समीप तक तथा चुना भट्टा तक सड़क के किनारे बांस गाड़कर रंग बिरंगी लाइटिंग की व्यवस्था होगी. रात के दौरान अच्छी रोशनी के लिए जगह-जगह हैलोजन लगाये जायेंगे. पंडाल परिसर के बाहर एक बड़ा गेट का निर्माण होगा. उससे श्रद्धालु आसानी से पंडाल तक पहुंच कर दर्शन कर सकें. झांकी होगा आकर्षण का केंद्र इस वर्ष भी सप्तमी, अष्टमी व नवमी को स्थानीय कलाकारों की मदद से कमेटी के सदस्यों द्वारा झांकी का निर्माण किया जायेगा. इसमें भगवान भोलेनाथ के साथ बजरंगबली तथा उनकी वानरी सेना, मां काली, राक्षस तथा अन्य कलाकृतियों को श्रद्धालुओं के समक्ष प्रस्तुत होगा. कमेटी के अध्यक्ष के अनुसार बाबा वीर कुंवर कला परिषद की झांकी श्रद्धालुओं के बीच मनमोहक रहती है. दूरदराज के श्रद्धालु झांकी का आनंद लेने आते हैं. नवमी व दशमी को होगा विशेष भोग नवमी व दशमी को कमेटी द्वारा विशेष भोग की व्यवस्था होगी. श्रद्धालुओं के बीच नवमी के दिन खीर, तो दशमी के दिन खिचड़ी वितरित किया जायेगा. कमेटी के अध्यक्ष के अनुसार प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी लगभग दो क्विंटल दूध से खीर तथा 30 किलो चावल व उतने ही मूंग दाल से खिचड़ी का निर्माण कर वितरित होगा. सुरक्षा व्यवस्था में कमेटी रहेगी सक्रिय अध्यक्ष के अनुसार, श्रद्धालुओं को पंडाल तक पहुंचाने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था के साथ कमेटी के सदस्य सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद रहेंगे. कमेटी के सदस्यों को चयनित कर आवागमन के मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया जायेगा. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रवेश व निकास द्वार बनाया जायेगा. पंडाल के अंदर महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्था रहेगी, जिससे महिलाएं निश्चिंत होकर पंडाल तक पहुंच सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










