24 घंटे में अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम

नगर पंचायत चेनारी में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नोटिस जारी
नगर पंचायत चेनारी में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नोटिस जारी मुख्य बाजार और स्टेट हाईवे पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन सख्त प्रतिनिधि, चेनारी. नगर पंचायत प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मुख्य बाजार व स्टेट हाइवे किनारे अवैध रूप से दुकान और ठेला लगाने वालों को नोटिस जारी किया है. प्रशासन ने सभी अतिक्रमणकारियों को 24 घंटे के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया है. निर्धारित समय-सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाने पर जुर्माना वसूलने तथा कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गयी है. नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य बाजार, स्टेट हाइवे और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार बढ़ते अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. सड़क के दोनों किनारों पर अस्थायी दुकानें, ठेले और अवैध निर्माण के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी. पैदल चलने वालों, विशेषकर स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही थी. इसी को देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने अभियान शुरू किया है. कार्यपालक पदाधिकारी के निर्देश पर नगर पंचायत कर्मियों ने बुधवार को विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया और अतिक्रमण करने वालों को नोटिस थमाया. नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि 24 घंटे के भीतर सड़क, नाली और सार्वजनिक भूमि पर किये गये अतिक्रमण को स्वयं हटा लें, अन्यथा प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जायेगी. साथ ही अतिक्रमण हटाने में आने वाला खर्च भी संबंधित व्यक्तियों से वसूला जायेगा. नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण की वजह से न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है. कई स्थानों पर नालियों पर अवैध कब्जा होने के कारण पानी निकासी बाधित हो रही है, जिससे जलजमाव और गंदगी की समस्या गंभीर होती जा रही है. सड़क संकरी होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गयी है. दुकानदारों और ठेले-खोमचे वालों में हड़कंप अभियान की जानकारी मिलते ही दुकानदारों और ठेले-खोमचे वालों में हड़कंप मच गया. कई लोगों ने प्रशासन से कुछ और समय देने की मांग की, जबकि कुछ दुकानदारों ने कहा कि रोजगार के लिए सड़क किनारे दुकान लगाना उनकी मजबूरी है. हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत की इस कार्रवाई का स्वागत किया है. उनका कहना है कि लंबे समय से अतिक्रमण के कारण बाजार क्षेत्र में पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था. जाम की समस्या से लोग परेशान थे और अब कार्रवाई से राहत मिलने की उम्मीद है. क्या कहते हैं अफसर कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक भारती ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जायेगा. पहले चरण में नोटिस देकर लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया जा रहा है. इसके बाद भी नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. आवश्यकता पड़ने पर पुलिस प्रशासन की मदद से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जायेगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और लोगों को राहत मिल सके. प्रभात खबर का असर नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क और नालियों पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर प्रभात खबर में लगातार खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया है. नगर पंचायत ने मुख्य बाजार और स्टेट हाइवे किनारे अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों एवं ठेले-खोमचे वालों को नोटिस जारी किया है. प्रशासन ने सभी को 24 घंटे के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया है. समय-सीमा के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर जुर्माना व कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










