जिगनी गांव के बजरंगबली मंदिर में चोरी, 10 लाख के आभूषण व बर्तन ले गये चोर

SASARAM NEWS.थाना क्षेत्र के जिगनी गांव के बजरंगबली मंदिर से लाखों रुपये के आभूषण शनिवार की देर रात चोर ले उड़े. चोरी के दौरान आभूषण निकालने में चोरों ने बजरंगबली की प्रतिमा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है.
आभूषण निकालने में मूर्ति का बायां हाथ टूटा, आयी दरारें
संझौली.
थाना क्षेत्र के जिगनी गांव के बजरंगबली मंदिर से लाखों रुपये के आभूषण शनिवार की देर रात चोर ले उड़े. चोरी के दौरान आभूषण निकालने में चोरों ने बजरंगबली की प्रतिमा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है. वहीं, प्रतिमा से बाजूबंद निकालने में उसका बायां हाथ तोड़ डाला है, जबकि अन्य आभूषण को निकालने में प्रतिमा में दरार आ गयी है. मंदिर के संरक्षक हरेराम पांडेय ने बताया कि चोरों ने मूर्ति की सोने की आंख, चांदी का गदा, मुकुट, हाथ का बेड़ा, बाजूबंद, खड़ाऊ के साथ मंदिर में भजन कीर्तन के लिए रखे हारमोनियम, ढोलक, झाल, बैंजो, ताशा और प्रसाद के लिए पुराने पितल व तांबा के बर्तन भी चोरी कर ली है. मूर्ति के आभूषण पुराने जमाने के थे.जिनकी कीमत करीब दस लाख रुपये से अधिक की होगी. उन्होंने बताया कि चोरी की खबर तब लगी, जब मंदिर के पुजारी सोनू पांडेय रविवार की सुबह मंदिर में पूजा के लिए गये, तो मंदिर का ताला टूटा देखा. इसके बाद मंदिर में आभूषण व बर्तन नहीं दिखने पर इसकी सूचना ग्रामीणों की दी.क्या कहती हैं थानाध्यक्ष
इस संबंध में थानाध्यक्ष पूनम कुमारी ने बताया कि हर एंगल से चोरी की घटना की जांच की जा रही है. जल्द ही इसका उद्भेदन कर लिया जायेगा. ग्रामीणों की तरफ से अभी तक आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी.
मूर्ति के आभूषण भी काफी पुराने समय के हैं
मुख्य रूप से मंदिर बजरंगबली का है. लेकिन, अन्य कई देवी-देवताओं की मूर्तियां भी स्थापित हैं. पर, चोरों की नजर बजरंगबली के गहनों पर ज्यादा थी. मूर्ति के खंडित होने से गांव में तरह-तरह के अफवाह उड़ने लगे हैं. मंदिर काफी प्राचीन है. श्रद्धालुओं का इस मंदिर पर अटूट श्रद्धा है. मूर्ति के आभूषण भी काफी पुराने समय के हैं. ऐसे में इसकी कीमत भी काफी होगी
क्या कहते हैं लोगगांव में पहली बार मंदिर में चोरी हुई है. यह पुलिस के लिए चुनौती है. देखना है कब तक चोरों को पुलिस पकड़ती है और चोरी का सामान कब बरामद करती है.
-ऋषिकेश पांडेय
मंदिर से लाखों रुपये के आभूषण की चोरी हुई है. अगर चोरों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पुलिस के विरुद्ध आंदोलन किया जायेगा.-प्रेमनाथ पांडेय
मंदिर में चोरी की बात हम सोच भी नहीं सकते थे. लेकिन, चोरी तो हुई है. पुलिस को चोरी की घटना उद्भेदन प्राथमिकता के आधार पर करना होगा.– रामानुज पांडेय ग्रामीण
नवरात्र का समय चल रहा है. इस बीच मंदिर में चोरी. हमारे सोच से परे है. कोई ना कोई गांव का ही उसमें शामिल होगा. तभी तो किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी.-मदन मोहन पांडेय
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




