रोहतास में मिशन परिवार विकास अभियान की शुरुआत, परिवार नियोजन अपनाने पर मिलेगी ₹3,000 तक की प्रोत्साहन राशि

Updated:
विज्ञापन
मिशन परिवार विकास अभियान की शुरुआत

मिशन परिवार विकास अभियान की शुरुआत

विश्व जनसंख्या दिवस पर रोहतास में मिशन परिवार विकास अभियान और परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा शुरू हुआ है. इस अभियान के तहत 11 से 31 जुलाई तक सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन की सेवाएं निःशुल्क दी जाएंगी. महिला बंध्याकरण पर ₹2,000 और पुरुष नसबंदी पर ₹3,000 की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी.

विज्ञापन

Rohtas Family Planning Campaign : विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को रोहतास जिले में मिशन परिवार विकास अभियान एवं परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा की शुरुआत हुई. कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने जीएनएम स्कूल की छात्राओं और आशा कार्यकर्ताओं की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. अभियान के तहत 11 से 31 जुलाई तक जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन की सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी.

Sasaram News : डीएम बोले- परिवार नियोजन का मतलब सिर्फ नसबंदी नहीं

जागरूकता रैली को रवाना करते हुए डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि परिवार नियोजन केवल महिला बंध्याकरण या पुरुष नसबंदी तक सीमित नहीं है. अस्थायी गर्भनिरोधक साधनों का उपयोग भी परिवार को स्वस्थ और खुशहाल बनाने का प्रभावी माध्यम है. उन्होंने लोगों से छोटे परिवार, सुरक्षित मातृत्व और दो बच्चों के बीच उचित अंतराल अपनाने की अपील की.

Rohtas News : सदर अस्पताल में लगा परिवार नियोजन मेला

सदर अस्पताल के ओपीडी परिसर में आयोजित परिवार नियोजन मेले का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस दौरान जिला स्तरीय जागरूकता रैली भी निकाली गई. सिविल सर्जन ने कहा कि जनसंख्या स्थिरता, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी और परिवारों के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण में परिवार नियोजन की महत्वपूर्ण भूमिका है.

निःशुल्क मिलेंगी सभी परिवार नियोजन सेवाएं

अभियान के दौरान जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में महिला बंध्याकरण, पुरुष नसबंदी, अंतरा इंजेक्शन, आईयूसीडी, छाया गोली, गर्भनिरोधक गोलियां और कंडोम जैसी परिवार नियोजन सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी. योग्य दंपतियों को स्वस्थ समय पर गर्भधारण और दो गर्भधारण के बीच पर्याप्त अंतर रखने के लिए भी जागरूक किया जाएगा.

महिला बंध्याकरण पर ₹2,000 और पुरुष नसबंदी पर ₹3,000 का प्रोत्साहन

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार महिला बंध्याकरण कराने पर 2,000 रुपये तथा पुरुष नसबंदी कराने पर 3,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. वहीं महिला बंध्याकरण के लिए प्रेरित करने वाले मोटिवेटर को 300 रुपये और पुरुष नसबंदी के लिए प्रेरित करने पर 400 रुपये दिए जाएंगे.

कई अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी रहे मौजूद

कार्यक्रम में एडीएम डॉ. ललित भूषण रंजन, डीपीआरओ आशीष रंजन, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बी.के. पुष्कर, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. आर.के.पी. साहू, एनसीडीओ डॉ. राजीव रंजन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अजय कुमार सिंह, जिला योजना समन्वयक संजीव मधुकर, जिला लेखा प्रबंधक अभिजीत गौरव, अस्पताल प्रबंधक अजय कुमार, परिवार नियोजन परामर्शी नुजहत प्रवीण सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, पिरामल स्वास्थ्य की टीम एवं गांधी फेलोज मौजूद रहे.

Also Read : प्रभात खबर के 30 वर्ष पूरे, सासाराम कार्यालय में केक काटकर मनाया गया स्थापना दिवस



विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन