शेयर मार्केट में ₹4 लाख हारने के बाद युवक ने रचा खुद के अपहरण का स्वांग, पुलिस ने बक्सर से किया बरामद

Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 15 May 2026 7:44 PM

विज्ञापन

खुद के अपहरण का नाटक रचने वाला युवक

Sasaram News: रोहतास के सूर्यपुरा में शेयर बाजार में ₹4 लाख गंवाने के बाद एक युवक ने खुद के अपहरण का नाटक रचा और पुणे भाग गया. मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने उसे बक्सर स्टेशन से बरामद किया है. पूछताछ में युवक ने डिप्रेशन और आर्थिक तंगी को घर छोड़ने की मुख्य वजह बताया है.

विज्ञापन

Sasaram News(मनोज कुमार सिंह): रोहतास जिले के सूर्यपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोशलडीह पंचायत के रतनपट्टी गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहाँ एक युवक ने शेयर मार्केट में बड़ी रकम हारने के बाद कर्ज और डिप्रेशन के चलते अपने ही अपहरण का नाटक रच दिया. पुलिस ने साइबर सेल की मदद से युवक को बक्सर रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामद कर लिया है.

केवाईसी कराने के बहाने घर से निकला था युवक

थानाध्यक्ष चंदन कुमार भगत ने बताया कि रतनपट्टी गांव निवासी श्रीकांत कुमार ने बीते 12 मई को अपने 22 वर्षीय भतीजे पवन कुमार (पिता- रमाकांत सिंह) की गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी.  परिजनों के अनुसार, पवन 11 मई की सुबह बिक्रमगंज स्थित स्टेट बैंक में केवाईसी (KYC) कराने के नाम पर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. रिश्तेदारों और दोस्तों के यहाँ काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने पुलिस की शरण ली थी.

साइबर सेल और लोकेशन ने खोला राज

प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस ने युवक की तलाश के लिए साइबर सेल की मदद ली. जांच के दौरान युवक की लोकेशन लगातार बदल रही थी. अंततः 15 मई को परिजनों के सहयोग से पुलिस ने पवन को बक्सर रेलवे स्टेशन से बरामद किया और थाने लेकर आई.

पूछताछ में हुआ सनसनीखेज खुलासा

पुलिस की विशेष पूछताछ में पवन ने स्वीकार किया कि उसने स्वयं अपनी मर्जी से घर छोड़ा था. उसने बताया कि शेयर मार्केट में लगभग चार लाख रुपये हार गया था, जिसके बाद वह गहरे मानसिक तनाव (डिप्रेशन) में चला गया. उसने आगे बताया कि घर से निकलकर वह पहले आरा पहुँचा और वहां से ट्रेन पकड़कर पुणे चला गया. पुणे पहुँचने के बाद जब उसे परिजनों की याद आने लगी और डर सताया, तो वह वापस ट्रेन पकड़कर बक्सर स्टेशन पहुँचा, जहाँ वह पकड़ा गया.

परिजनों को सौंपा गया युवक

थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद युवक का बयान दर्ज करने के बाद शुक्रवार की संध्या उसे सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया है. इस घटना के बाद युवक के घर वालों ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वित्तीय संकट में गलत कदम उठाने के बजाय अपनों से बात करें.

Also Read: पटना में अवैध संबंध के शक में ऑटो चालक की हत्या, शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका

विज्ञापन
Aditya Kumar Ravi

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Aditya Kumar Ravi is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन