खुद बीमार हुई इमरजेंसी सेवा की गाड़ी! चेनारी में धक्का मारकर स्टार्ट हो रही डायल 112
Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 21 May 2026 9:24 PM
डायल 112 को धक्का लगाते लोग
SASARAM NEWS: रोहतास जिले के चेनारी थाने की आपातकालीन सेवा 'डायल 112' की गाड़ी इन दिनों खुद लाचार स्थिति में है. गुरुवार को नगर पंचायत के डाक बंगला परिसर के बाहर इस पुलिस वाहन को कर्मियों और स्थानीय लोगों द्वारा धक्का मारकर स्टार्ट करते देखा गया, जिसका वीडियो और विजुअल सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है. स्थानीय नागरिकों ने इस स्थिति पर गहरी चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. वहीं तैनात पुलिसकर्मियों का कहना है कि तकनीकी खराबी की सूचना विभागीय अधिकारियों को दे दी गई है और जल्द ही गाड़ी को ठीक करा लिया जाएगा.
SASARAM NEWS(संदेश जायसवाल): रोहतास जिले के चेनारी प्रखंड क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और आपातकालीन परिस्थितियों में आम जनता को त्वरित सहायता पहुंचाने के लिए तैनात डायल 112 की पुलिस गाड़ी इन दिनों खुद बदहाली के आंसू बहा रही है. आलम यह है कि आपातकालीन सेवा देने वाले इस सरकारी वाहन को चालू करने के लिए पुलिसकर्मियों को स्थानीय लोगों की मदद से धक्का लगाना पड़ रहा है. गुरुवार को नगर पंचायत चेनारी स्थित डाक बंगला परिसर के बाहर जब लोगों ने पुलिस की गाड़ी को धक्का मारकर स्टार्ट होते देखा, तो वहां मजमा लग गया. इस नजारे को देखकर स्थानीय जनता ने पुलिस महकमे की कार्यशैली और व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं.
जब रक्षक की गाड़ी ही हो जाए लाचार, तो समय पर कैसे मिलेगी मदद?
नगर पंचायत चेनारी में इस दृश्य को देखकर स्थानीय लोगों और राहगीरों में भारी नाराजगी देखी गई. मौके पर मौजूद प्रबुद्ध नागरिकों ने कहा जिस आपातकालीन वाहन के भरोसे आम जनता की सुरक्षा और संकट के समय तत्काल मदद पहुंचाने की जिम्मेदारी है, अगर वही गाड़ी बीच रास्ते में दम तोड़ दे या बंद हो जाए, तो स्थिति कितनी भयावह हो सकती है. लोगों का कहना है कि यदि क्षेत्र में कोई बड़ी आपराधिक घटना, आगजनी, या कोई मेडिकल इमरजेंसी हो जाए और यह पुलिस वाहन समय पर मौके पर नहीं पहुंच पाया, तो इसका सीधा खामियाजा निर्दोष आम जनता को भुगतना पड़ सकता है.
गाड़ी में है तकनीकी खराबी, बड़े अधिकारियों को दी गई है सूचना
सड़क पर गाड़ी को धक्का लगा रहे डायल 112 के वाहन पर तैनात पुलिसकर्मियों ने अपनी लाचारी व्यक्त करते हुए बताया कि पिछले कुछ दिनों से गाड़ी में गंभीर तकनीकी खराबी आ गई है. इसी वजह से सेल्फ काम नहीं कर रहा है और गाड़ी को धक्का देकर चालू करना पड़ रहा है. पुलिसकर्मियों के अनुसार, इस बदहाल स्थिति की लिखित और मौखिक सूचना विभाग के उच्च अधिकारियों को दे दी गई है. अधिकारियों की ओर से आश्वासन मिला है कि जल्द ही मैकेनिक बुलाकर वाहन की मरम्मत करा दी जाएगी और इसे सुचारु रूप से चलाने योग्य बनाया जाएगा.
क्षेत्र में बना चर्चा का विषय, नई गाड़ी की उठ रही मांग
चेनारी मुख्यालय और ग्रामीण इलाकों में धक्का स्टार्ट पुलिस गाड़ी का यह मामला इन दिनों आम लोगों के बीच खूब चर्चा का विषय बना हुआ है. स्थानीय बुद्धिजीवियों और व्यापारियों ने जिला पुलिस कप्तान (SP) से मांग की है कि चेनारी जैसे संवेदनशील और बड़े भौगोलिक क्षेत्र को देखते हुए जल्द से जल्द इस पुरानी और खराब गाड़ी को बदला जाए, या इसके स्थान पर एक नई और पूरी तरह से दुरुस्त गाड़ी उपलब्ध कराई जाए ताकि आपातकालीन पुलिस सेवा का मूल उद्देश्य प्रभावित न हो.
Also Read:रोहतास में ट्रैक किनारे मिला अज्ञात युवती का शव, पहचान न होने पर पुलिस करेगी अंतिम संस्कार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










