रोहतास में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग, झुलसे दो सगे युवक गंभीर रूप से घायल, सदर अस्पताल रेफर

अस्पताल में पीड़ित
Sasaram News: रोहतास के कोचस थाना क्षेत्र के अमौसीडिहरा गांव में सोमवार को शॉर्ट सर्किट से एक घर में आग लग गई. आग बुझाने की कोशिश में हरिश्चंद्र कुमार और ऋषिकेश कुमार नामक दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है.
Sasaram News(रमेश कुमार पाण्डेय): रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र अंतर्गत अमौसीडिहरा गांव में सोमवार की दोपहर बिजली की शॉर्ट सर्किट के कारण एक घर में अचानक आग लग गई. घर से उठती आग की लपटों को देख परिजनों और ग्रामीणों के बीच अफरातफरी का माहौल बन गया. इस दौरान घर में लगी आग को बुझाने के प्रयास में दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए. परिजनों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कोचस में भर्ती कराया. जहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
चेहरे और शरीर के कई हिस्से गंभीर रूप से झुलसे
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. तुषार कुमार ने बताया कि घायलों की पहचान हरिश्चंद्र कुमार और ऋषिकेश कुमार के रूप में की गई है. दोनों युवकों के चेहरे, पैर और शरीर के अन्य हिस्से आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं. स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार देकर दोनों को तुरंत सदर अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
मशक्कत के बाद पाया गया आग पर काबू
परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि आग की लपटें काफी तेज थीं, लेकिन ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद समय रहते आग पर काबू पा लिया. परिजनों का कहना है कि अगर वक्त रहते ग्रामीण सक्रिय नहीं होते और आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो गांव में किसी बड़ी और अनहोनी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता था. आग लगने से घर में रखा कुछ सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










