काराकाट सांसद राजा राम सिंह ने नीट पेपर लीक और बुलडोजर एक्शन पर उठाए सवाल; पवन सिंह को लेकर किया ये बड़ा दावा!
Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 08 Jun 2026 5:59 PM
प्रेसवार्ता के दौरान सांसद
Karakat MP Raja Ram Singh Press Conference: काराकाट सांसद राजा राम सिंह ने नीट पेपर लीक, कृषि भूमि अधिग्रहण और बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर सरकार को घेरा. पवन सिंह और भाजपा के जुड़ाव पर किया बड़ा खुलासा. पढ़ें ग्राउंड रिपोर्ट.
Karakat MP Raja Ram Singh Press Conference (प्रमोद कुमार श्रीवास्तव): रोहतास जिले के सासाराम से इस वक्त की सबसे बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है. काराकाट लोकसभा क्षेत्र के सांसद सह जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष राजा राम सिंह ने सोमवार को शहर के गीताघाट कॉलोनी में आयोजित एक हाई-प्रोफाइल प्रेसवार्ता (Press Conference) के दौरान केंद्र और बिहार की नीतीश सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर मोर्चा खोला. सांसद ने युवाओं के रोजगार, पेपर लीक, किसानों की सिंचाई व्यवस्था और विपक्षी नेताओं पर हो रहे हमलों को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया.
“नीट पेपर लीक ने तोड़ा करोड़ों युवाओं का सपना, बुलडोजर राज के खिलाफ जारी रहेगा संघर्ष”
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए सांसद राजा राम सिंह ने सबसे पहले देश के सबसे बड़े मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम ‘नीट’ (NEET) का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में हुए हालिया पेपर लीक प्रकरण ने देश के करोड़ों होनहार युवाओं के भविष्य पर एक गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है. सालों-साल मेहनत करने वाले छात्रों के सपने इस धांधली से टूट रहे हैं. बिहार में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और हाल के दिनों में हुई बुलडोजर कार्रवाइयों की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि न्यायपालिका को दरकिनार कर की जा रही ऐसी मनमानी कार्रवाइयों के खिलाफ उनका संघर्ष सड़क से सदन तक जारी रहेगा.

पवन सिंह और भाजपा के कनेक्शन पर किया सबसे बड़ा सियासी धमाका
काराकाट लोकसभा चुनाव में उनके मुख्य प्रतिद्वंदी रहे पावरस्टार अभिनेता पवन सिंह को लेकर पूछे गए एक तीखे सवाल पर सांसद ने बड़ा राजनीतिक धमाका किया. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि चुनाव के दौरान पवन सिंह को परोक्ष रूप से भारतीय जनता पार्टी (BJP) का पूरा समर्थन प्राप्त था, और अब उनके भाजपा से जुड़ाव की जो खबरें आ रही हैं, उससे यह बात जनता के सामने पूरी तरह शीशे की तरह साफ हो चुकी है.
किसानों के लिए सोन नहर का आधुनिकीकरण और 600 रुपये सरकारी मजदूरी की मांग
सांसद राजा राम सिंह ने रोहतास और आसपास के कृषि प्रधान इलाकों के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें सरकार के सामने रखीं. उन्होंने कहा कि किसानों की उपजाऊ और कृषि योग्य भूमि का जबरन अधिग्रहण तुरंत बंद होना चाहिए, क्योंकि इससे अन्नदाताओं की आजीविका सीधे प्रभावित हो रही है.
रोहतास जिले की जीवनरेखा मानी जाने वाली ऐतिहासिक ‘सोन नहर प्रणाली’ के आधुनिकीकरण की पुरजोर मांग करते हुए उन्होंने कहा कि भविष्य में सिंचाई संकट से बचने के लिए इसका जीर्णोद्धार बेहद जरूरी है. उन्होंने ग्रामीण गरीबों और मजदूरों के हितों की बात करते हुए वीबी जी राम जी योजना के तहत साल में कम से कम 125 दिनों के रोजगार की पक्की गारंटी देने और न्यूनतम सरकारी मजदूरी दर को बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने की मांग उठाई.
सांसद ने साफ किया कि जिले में कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना और स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार सृजन कराना उनकी सबसे पहली प्राथमिकता है और इन हक की लड़ाइयों के लिए वे हमेशा आगे रहेंगे. इस महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता के दौरान सांसद के साथ मुन्ना महतो, पिंटू कुमार, नरेंद्र सिंह, अनिल सिंह, अजय सिंह, सुनील सिंह और कवि संहिता सहित पार्टी के बड़ी संख्या में वरिष्ठ कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे.
Also Read: नालंदा में खूनी भिड़ंत, खेत में ट्रैक्टर लगाने के विवाद में एक ही परिवार के 8 लोग घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










