नालंदा में खूनी भिड़ंत, खेत में ट्रैक्टर लगाने के विवाद में एक ही परिवार के 8 लोग घायल
Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 08 Jun 2026 3:58 PM
अस्पताल में घायल
Nalanda News: दीपनगर थाना क्षेत्र के महानंदपुर गांव में सोमवार सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष भिड़ गए. रतन कुमार पर महेश यादव के परिवार को बेरहमी से पीटने का आरोप, महिलाओं समेत 8 घायल. मॉडल अस्पताल में इलाज जारी. पढ़ें रिपोर्ट.
Nalanda News (सुनील कुमार): बिहार के नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र से सोमवार की सुबह एक बेहद सनसनीखेज और खूनी झड़प की खबर सामने आ रही है. महानंदपुर गांव में खेत में ट्रैक्टर लगाने के एक मामूली से विवाद ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिसके बाद दबंगों ने एक ही परिवार पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला बोल दिया. इस बर्बर हिंसक वारदात में महिलाएं और युवतियों समेत एक ही परिवार के 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना के बाद गांव में भारी चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया.
महेश यादव की जमीन पर जबरन ट्रैक्टर पार्क कर रहा था आरोपी रतन कुमार
घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे की है. घायल और पीड़ित परिवार के मुखिया महेश यादव ने अस्पताल में मीडिया के सामने रोते हुए आरोपितों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. महेश यादव का कहना है कि उनकी निजी स्वामित्व वाली जमीन (खेत) पर गांव का ही दबंग रतन कुमार जबरन अपना ट्रैक्टर लगा रहा था. जब महेश यादव और उनके परिवार ने अपनी जमीन पर अवैध रूप से ट्रैक्टर पार्क करने का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी रतन कुमार आगबबूला हो गया. उसने आव देखा न ताव, अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लाठी, डंडे और धारदार हथियारों से पूरे परिवार पर अचानक धावा बोल दिया.
बचाने आई घर की बेटियों और महिलाओं को भी दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
दबंगों की इस गुंडागर्दी का आलम यह रहा कि उन्होंने घर के पुरुषों को पीटते देख बीच-बचाव करने आईं घर की बहू-बेटियों और महिलाओं को भी नहीं बख्शा और उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. इस खूनी हमले में निभा कुमारी, आरती कुमारी, सिंपी कुमारी, सिमरन कुमारी, प्रतिमा कुमारी, महेश यादव और ललिता देवी सहित परिवार के कुल 8 सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. कई महिलाओं के सिर और हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आई हैं.
मॉडल अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस ने कहा “दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई”
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों के सहयोग से सभी लहूलुहान घायलों को आनन-फानन में गाड़ी से निकालकर इलाज के लिए नालंदा के मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा सभी का आपातकालीन वार्ड में उपचार किया जा रहा है.
इधर, अस्पताल से मिली मेमो और ग्रामीणों की इनपुट के बाद दीपनगर थाना पुलिस तुरंत एक्टिव मोड में आ गई है और पुलिस टीम ने महानंदपुर गांव पहुंचकर घटना स्थल का मुआयना किया है. थाना पुलिस ने बताया कि जमीनी और ट्रैक्टर विवाद में मारपीट की सूचना मिली थी, जिसपर त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की सघन जांच शुरू कर दी गई है. पीड़ित पक्ष के बयान और जांच के ठोस आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी रतन कुमार और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. गांव में शांति व्यवस्था बहाल है.
Also Read: सीएम सम्राट ने आज बुलाई कैबिनेट की बैठक, इन प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










