रोहतास में तेज रफ्तार कार ने युवक को मारी टक्कर, फिर आधा किलोमीटर तक घसीटा, इकलौते बेटे की दर्दनाक मौत

Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 05 Jun 2026 9:05 PM

विज्ञापन

घटना के बाद मौके पर पुलिस

Rohtas Road Accident: रोहतास के डेहरी में ईदगाह मुहल्ला के पास एक भीषण हादसा हुआ है. बेकाबू क्रेटा कार ने युवक आयुष कुमार को टक्कर मारकर 500 मीटर तक घसीटा, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने कार जब्त की. पूरी रिपोर्ट पढ़ें.

विज्ञापन

Rohtas Road Accident(मनोज कुमार उपाध्याय): बिहार के रोहतास जिले के डेहरी शहर से एक बेहद दर्दनाक और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है. डेहरी शहर के ईदगाह मुहल्ला के समीप फोरलेन लिंक रोड पर शुक्रवार की देर शाम एक बेकाबू और तेज रफ्तार कार ने एक 30 वर्षीय युवक को न सिर्फ जोरदार टक्कर मारी, बल्कि उसे करीब आधा किलोमीटर (500 मीटर) तक सड़क पर बेरहमी से घसीटती ले गई. इस खौफनाक हादसे में युवक की दर्दनाक मौत हो गई है. मृतक की पहचान न्यू एरिया निवासी राजेश कुमार के इकलौते पुत्र आयुष कुमार के रूप में की गई है.

टक्कर के बाद कार के नीचे फंस गया था युवक, चालक दबाता रहा एक्सीलेटर

प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना का जो खौफनाक मंजर बयां किया, वह रूह कंपा देने वाला है. शुक्रवार की देर शाम आयुष कुमार लिंक रोड पर सामान्य रूप से सड़क पार कर रहा था. इसी दौरान एक अत्यधिक तेज रफ्तार से आ रही क्रेटा कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि आयुष कार के निचले हिस्से में बुरी तरह फंस गया. कार चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार और बढ़ा दी और आयुष को लगभग आधा किलोमीटर तक घसीटता रहा. इस दौरान सड़क पर मौजूद राहगीरों की नजर कार के नीचे फंसे युवक पर पड़ी.

भीड़ के शोर मचाने पर रोकी गाड़ी, अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें

सड़क पर चल रहे लोगों ने जब यह भयानक मंजर देखा, तो उन्होंने शोर मचाना और कार का पीछा करना शुरू किया. चारों तरफ से घिरता देख चालक ने आखिरकार वाहन रोका, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने भारी मशक्कत कर कार के नीचे फंसे लहू-लुहान आयुष को बाहर निकाला.

गंभीर रूप से घायल आयुष को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

माता-पिता का इकलौता चिराग था आयुष, नगर थाना पुलिस ने कार को किया जब्त

अस्पताल में आयुष की मौत की खबर सुनते ही वहां पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि आयुष अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और घर का चिराग बुझने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस असामयिक मौत से पूरे न्यू एरिया और आसपास के रिहायशी इलाकों में पूरी तरह शोक की लहर दौड़ गई है.

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके और अस्पताल पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त क्रेटा कार को जब्त कर लिया है और चालक की भूमिका की गहनता से पड़ताल की जा रही है. इधर, हादसे से आक्रोशित स्थानीय नागरिकों ने फोरलेन लिंक रोड पर तेज रफ्तार वाहनों की गति सीमा तय करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की पुरजोर मांग की है.

Also Read: नवादा में स्कूल संचालक पर जानलेवा हमले का दूसरा आरोपी गिरफ्तार, सिर पर किए थे 7 वार, 3 अब भी फरार

विज्ञापन
Aditya Kumar Ravi

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन