रोहतास में आज होगी रेड रिबन क्विज 2026, 50 स्कूलों के 100 छात्र दिखाएंगे ज्ञान का दम
सासाराम में रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन, 50 स्कूलों के 100 छात्र एचआईवी और स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
Rohtas News : किशोरों में एचआईवी, एड्स और स्वास्थ्य संबंधी विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता 2026 का जिला स्तरीय आयोजन गुरुवार को श्री शंकर उच्च माध्यमिक प्लस टू स्कूल, तकिया में होगा. सुबह 11 बजे से शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता में जिले के 50 सरकारी और निजी विद्यालयों के 100 छात्र-छात्राएं भाग लेंगे. प्रत्येक विद्यालय से एक छात्र और एक छात्रा अपने नामित शिक्षक के साथ प्रतियोगिता में शामिल होंगे.
सभी तैयारियां पूरी, समय पर पहुंचने के निर्देश
बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के निर्देश और जिला शिक्षा विभाग के समन्वय से आयोजित इस प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और संबंधित विद्यालयों को प्रतिभागियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है. आयोजन स्थल पर आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी श्री शंकर उच्च माध्यमिक प्लस टू स्कूल को सौंपी गई है.
पांच चरणों में होगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता में कक्षा आठ, नौ और 11 के छात्र-छात्राओं से एचआईवी-एड्स, किशोर स्वास्थ्य, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम, सामान्य ज्ञान, समसामयिकी, खेलकूद, सोशल मीडिया, ऑडियो-विजुअल और चित्र पहचान से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे. राज्य स्तर से नामित क्विज मास्टर प्रतियोगिता का संचालन करेंगे. प्रतियोगिता पांच चरणों में आयोजित होगी, जिसमें प्रत्येक सही उत्तर पर पांच अंक दिए जाएंगे. इसमें निगेटिव मार्किंग का प्रावधान नहीं रखा गया है.
विजेता टीम करेगी राज्य स्तर पर प्रतिनिधित्व
जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा. प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम राज्य स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में रोहतास जिले का प्रतिनिधित्व करेगी. जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी को कार्यक्रम का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है. शिक्षा विभाग के अनुसार इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के साथ उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और ज्ञान का विकास करना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










