रोहतास: गुरुकुल जीविका समिति ने कमाया 11.35 लाख का लाभ, पांचवीं वार्षिक आम सभा में 7074 महिलाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य तय

Updated:
विज्ञापन

फोटो कैप्शन: गुरुकुल जीविका महिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण स्वावलम्बी सहकारी समिति की पांचवीं वार्षिक आम सभा का उद्घाटन करती जीविका दीदियां. | Prabhat Khabar Network

गुरुकुल जीविका महिला सहकारी समिति की पांचवीं वार्षिक आम सभा में 11.35 लाख रुपये का लाभ दर्ज किया गया। समिति ने आगामी वर्ष के लिए नई कार्ययोजना पेश की।

विज्ञापन

Rohtas News : गुरुकुल जीविका महिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण स्वावलम्बी सहकारी समिति की पांचवीं वार्षिक आम सभा बुधवार को बेदा नहर स्थित समिति के कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित हुई. कार्यक्रम का उद्घाटन समिति की अध्यक्ष कंचन देवी, सचिव रिंकू देवी, कोषाध्यक्ष तेतरी देवी तथा निदेशक मंडल के सदस्यों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर राजपुर की आरती देवी और डेहरी की आत्मा देवी ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की.

5170 प्रशिक्षणार्थियों को मिला प्रशिक्षण

आम सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष कंचन देवी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया. उन्होंने बताया कि समिति ने वर्षभर में 87 प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए. इसके तहत 161 दिनों तक चले 30 आवासीय और 56 गैर-आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों में कुल 5170 प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया.

नए सत्र में 7074 जीविका दीदियों को मिलेगा प्रशिक्षण

समिति की सचिव रिंकू देवी ने वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि नए वित्तीय वर्ष में 73 प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे. इसके तहत 174 प्रशिक्षण बैचों में 7074 जीविका दीदियों और कैडरों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे महिला सशक्तीकरण और क्षमता विकास को और मजबूती मिलेगी.

11.35 लाख का लाभ, 26.21 लाख का प्रस्तावित बजट

कोषाध्यक्ष तेतरी देवी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्राप्ति एवं भुगतान का ब्यौरा, बाह्य अंकेक्षण रिपोर्ट तथा वर्ष 2026-27 के लिए 26 लाख 21 हजार 500 रुपये का अनुमानित बजट प्रस्तुत किया. अंकेक्षण रिपोर्ट के अनुसार समिति ने बीते वित्तीय वर्ष में 11 लाख 35 हजार 413 रुपये का लाभ अर्जित किया, जिस पर उपस्थित सदस्यों ने खुशी जताई.

महिला सशक्तीकरण के लिए प्रशिक्षण रहेगा जारी

संझौली की सुष्मिता कुमारी ने प्रेरणा गीत प्रस्तुत कर जीविका से जुड़ने के महत्व पर प्रकाश डाला. जीविका प्रबंधक क्षमता वर्धन उत्पल कांत ने कहा कि गुरुकुल जीविका महिलाओं द्वारा संचालित प्रशिक्षण केंद्र है, जहां जिले के सभी 19 प्रखंडों की जीविका दीदियों और कैडरों को नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है. उन्होंने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी महिला सशक्तीकरण और क्षमता विकास के लिए इसी तरह कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम में शिवसागर, डेहरी, सासाराम, कोचस, दावथ, नौहट्टा, रोहतास, राजपुर, चेनारी, नोखा और संझौली सहित विभिन्न प्रखंडों की जीविका दीदियां मौजूद रहीं.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन