रोहतास में मजदूरी का पैसा मांगने पर मजदूर की हत्या मामले में, पीड़ित परिवार से मिले कई राजनीतिक दलों के नेता

Updated:
विज्ञापन

रोते बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network

रोहतास के दिनारा में मजदूर की हत्या के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

विज्ञापन

Rohtas News : रोहतास में दिनारा प्रखंड क्षेत्र के जोगिया गांव में बुधवार को मिल्की मनिहारी निवासी 60 वर्षीय चंदेश्वर चौधरी की गोली मारकर हत्या के बाद गुरुवार को राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गयीं. विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ निष्पक्ष जांच की मांग की. घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस कैंप कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक ने परिजनों को बंधाया ढांढस

पूर्व मंत्री अनीता चौधरी और पूर्व विधायक विजय कुमार मंडल मनिहारी गांव पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की. दोनों नेताओं ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. पूर्व मंत्री ने कहा कि पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जानी चाहिए.

डीएम से बात कर मुआवजे की मांग

पूर्व मंत्री अनीता चौधरी ने बताया कि उन्होंने रोहतास के डीएम दीपक कुमार मिश्रा से दूरभाष पर बातचीत कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि पीड़ित पक्ष पर कार्रवाई का दबाव बनाया जा रहा है. उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.

पुलिस को सख्त कार्रवाई करने की मांग

पूर्व विधायक विजय कुमार मंडल ने कहा कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस को सख्त रवैया अपनाना चाहिए. दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटना को अंजाम देने वालों को सबक मिले. उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही.

आगजनी और पथराव की भी दी गयी जानकारी

डीएम ने नेताओं को घटना के बाद आरोपित के घर में आगजनी और पुलिस पर पथराव की घटना की जानकारी दी. उन्होंने पूरे मामले में एसपी के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया. पूर्व मंत्री ने कहा कि मजदूरी का पैसा मांगने पर गरीब मजदूर की हत्या होना बेहद दुखद और चिंताजनक है. उन्होंने दोषियों को कानून के अनुसार कठोर सजा दिलाने की मांग की.

काराकाट विधायक और स्थानीय विधायक भी पहुंचे

गुरुवार को काराकाट विधायक अरुण कुमार ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. इससे पहले स्थानीय विधायक आलोक कुमार सिंह बुधवार शाम ही पीड़ित परिवार से मिले थे. उन्होंने भी हरसंभव सहायता का भरोसा दिया और कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए वे प्रशासन के संपर्क में हैं.

गांव में पुलिस कर रही कैंप

हत्या की घटना के बाद जोगिया गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. एहतियात के तौर पर पुलिस गांव में कैंप कर रही है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन