डेंगू के बढ़ते खतरे के बीच सदर अस्पताल की बड़ी पहल, लोगों को किया जागरूक

अंतर्राष्ट्रीय डेंगू और चिकुनगुनिया दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
Sasaram News: सदर अस्पताल परिसर में अंतर्राष्ट्रीय डेंगू एवं चिकुनगुनिया दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. बीके पुष्कर ने लोगों को डेंगू से बचाव के लिए साफ-सफाई रखने, पानी जमा नहीं होने देने और मच्छरदानी के इस्तेमाल की सलाह दी. कार्यक्रम में स्वास्थ्यकर्मियों और जीएनएम छात्राओं को डेंगू के लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई.
Sasaram News(जितेंद्र कुमार पासवान): सदर अस्पताल परिसर में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय डेंगू और चिकुनगुनिया दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी सिविल सर्जन सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बीके पुष्कर ने की. इस दौरान अस्पताल कर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों और जीएनएम स्कूल की छात्राओं को डेंगू और चिकुनगुनिया जैसी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया.
साफ-सफाई पर दिया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. बीके पुष्कर ने कहा कि डेंगू एक गंभीर और जानलेवा बीमारी है. लेकिन समय रहते सावधानी बरतकर इससे बचाव संभव है. उन्होंने कहा कि लोगों को अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की जरूरत है. उन्होंने बताया कि घर के आगे या आसपास जमा पानी में मिट्टी के तेल का छिड़काव करने से मच्छरों के लार्वा नष्ट हो जाते हैं और डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर की संख्या कम होती है.
मच्छरों से बचाव के उपाय बताए
डॉ. पुष्कर ने लोगों को सलाह दी कि दिन में भी सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें और मच्छर भगाने वाली क्रीम या दवाओं का इस्तेमाल करें. उन्होंने कहा कि कूलर, एसी, फ्रिज की ट्रे, फूलदान, टूटे-फूटे बर्तन और पानी की टंकियों में पानी जमा नहीं होने देना चाहिए. सप्ताह में कम से कम एक बार कूलर और पानी रखने वाले बर्तनों की सफाई जरूर करनी चाहिए, ताकि मच्छरों के पनपने की संभावना खत्म हो सके.
डेंगू के लक्षणों की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने छात्राओं और अस्पताल कर्मियों को डेंगू के लक्षणों के बारे में भी जानकारी दी. बताया गया कि तेज बुखार, शरीर में दर्द, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द और त्वचा पर लाल चकत्ते डेंगू के प्रमुख लक्षण हैं. ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए और स्वयं दवा लेने से बचना चाहिए.
Also Read: सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र के लिए किया वट सावित्री व्रत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










