रोहतास के गुप्ता धाम में उमड़ी भक्तों की भीड़, सावन मेले का DM ने किया शुभारंभ, श्रद्धालुओं के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम

DM उद्घाटन करते हुए
सावन के पहले दिन रोहतास के गुप्ता धाम में श्रावणी मेले का भव्य उद्घाटन हुआ। डीएम ने सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का लिया जायजा।
Rohtas News : रोहतास जिले के प्रसिद्ध गुप्ता धाम में श्रावण माह की शुरुआत के साथ ही आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है. पहली सोमवारी को लेकर गुरुवार से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा गुप्तेश्वरनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचने लगे. "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में गूंज उठा.
डीएम ने फीता काटकर किया श्रावणी मेले का उद्घाटन
श्रावणी मेले का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने फीता काटकर किया. उद्घाटन के बाद उन्होंने बाबा गुप्तेश्वरनाथ की पूजा-अर्चना कर जिले की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की. इस अवसर पर डीएफओ स्टालिन फिडल कुमार के., डीडीसी विजय कुमार पांडे, एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी, एसडीपीओ विप्लव कुमार, बीडीओ प्रियंका कुमारी, अंचलाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार, थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार, ईओ अभिषेक भारती, रेंजर अभय कुमार, फॉरेस्टर अमित कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मेले में बढ़ती भीड़ को देखते हुए अधिकारियों ने मंदिर परिसर, मुख्य मार्ग, गुफा क्षेत्र और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया. सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.
अतिक्रमण हटाने और बंद चापाकल चालू करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने धाम के आसपास मौजूद अतिक्रमण को तत्काल हटाने तथा लंबे समय से बंद पड़े चापाकलों को अविलंब चालू कराने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को पेयजल की कोई समस्या न हो.
सीसीटीवी निगरानी और कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय
प्रशासन ने पूरे मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को लगातार संचालित रखने का निर्देश दिया है. मेले की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया गया है. पुलिस बल, दंडाधिकारी, वन विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें विभिन्न स्थानों पर तैनात की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन मिल सके.
डीएम की अपील
जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, निर्धारित मार्ग का उपयोग करने, धैर्य बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी परेशानी की स्थिति में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों या पुलिसकर्मियों से तुरंत संपर्क करें.
डीएफओ ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
डीएफओ स्टालिन फिडल कुमार के. ने श्रद्धालुओं से वन क्षेत्र की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता बनाए रखने की अपील की. उन्होंने जंगल में प्लास्टिक, कचरा या ज्वलनशील सामग्री नहीं फेंकने तथा वन एवं प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा.
थानाध्यक्ष की श्रद्धालुओं से अपील
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने श्रद्धालुओं से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहने, बच्चों और सामान का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की. उन्होंने अफवाहों से दूर रहकर सुरक्षित यात्रा करने का संदेश दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










