नोखा के गढ़ हाईस्कूल मैदान में चहारदीवारी नहीं, बन गया है जानवरों-नशेड़ियों का अड्डा

गढ़ हाईस्कूल मैदान में घूमते आवारा पशु | Prabhat Khabar Network
गढ़ हाई स्कूल में चहारदीवारी न होने से मैदान आवारा पशुओं और नशेड़ियों का अड्डा बन गया है. छात्रों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित हैं. जानें पूरी खबर.
करोड़ों रुपये की लागत से मॉडल स्कूल के रूप में विकसित गढ़ हाई स्कूल का विशाल खेल मैदान आज भी चहारदीवारी के अभाव में असुरक्षित बना हुआ है. विद्यालय परिसर पूरी तरह खुला रहने के कारण दिनभर आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है, जबकि शाम ढलते ही मैदान असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का अड्डा बन जाता है. इससे छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है.
क्या हैं समस्याएं
विद्यालय में नियमित रूप से पढ़ाई, खेलकूद और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियां संचालित होती हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में इन गतिविधियों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है. अजय सिंह ,मनोज कुमार, धनजय चौरसिया, मनोज कुमार आदि स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय में आधुनिक भवन, स्मार्ट कक्षाएं, प्रयोगशालाएं और अन्य सुविधाएं विकसित की गई हैं. लेकिन सुरक्षा की मूलभूत व्यवस्था नहीं होने से इन सुविधाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है. मैदान में पशुओं के विचरण से गंदगी फैलती है, जिससे खेलकूद गतिविधियां प्रभावित होती हैं. कई बार मैदान में गोबर और कचरा फैला रहने से छात्रों को अभ्यास करने में परेशानी होती है. वहीं नशेड़ियों की मौजूदगी के कारण छात्राओं एवं छात्रों के विद्यालय आने-जाने के दौरान असुरक्षा की भावना बनी रहती है.
भविष्य में होंगी गंभीर समस्याएं - प्रभारी थानाध्यापक
विद्यालय के प्रभारी थानाध्यापक विष्णु शंकर ने बताया कि कई बार शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक चहारदीवारी निर्माण शुरू नहीं हो सका है. उनका कहना है कि विद्यालय की सुरक्षा के साथ-साथ सरकारी संपत्ति की रक्षा के लिए भी चहारदीवारी का निर्माण आवश्यक है. यदि समय रहते यह कार्य पूरा नहीं हुआ तो भविष्य में और गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं.
विधायक बोले - टेंडर हो गया, जल्द शुरू होगा निर्माण
इस संबंध में नोखा विधानसभा के स्थानीय विधायक नागेंद्र चन्द्रवंशी ने बताया कि गढ़ हाई स्कूल की चहारदीवारी निर्माण का टेंडर हो चुका है. उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा. चहारदीवारी बनने के बाद विद्यालय परिसर पूरी तरह सुरक्षित होगा व आवारा पशुओं और असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर प्रभावी रोक लगेगी.
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं विद्यालय अन्नदाता बालाजीत सिंह ने जिला प्रशासन से निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है, ताकि मॉडल स्कूल के अनुरूप छात्रों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके.
अधिकारी बोले - निर्माण की प्रक्रिया चल रही है
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुमन कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि गढ़ हाई स्कूल की चहारदीवारी निर्माण की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है. विद्यालय परिसर खुला होने के कारण सुरक्षा संबंधी समस्याएं सामने आती हैं. उन्होंने बताया कि चहारदीवारी निर्माण की प्रक्रिया चल रही है और निर्माण कार्य शुरू होने के बाद विद्यालय परिसर पूरी तरह सुरक्षित हो जाएगा. इससे छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा व आवारा पशुओं और असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर प्रभावी रोक लग सकेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










