गुप्ताधाम में लाखों शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक

Published by : ANURAG SHARAN Updated At : 17 Mar 2026 4:05 PM

विज्ञापन

पहाड़ियों में गूंज रहे महादेव के जयकारे, उमड़ा भक्तों का सैलाब

विज्ञापन

चैत्र रामनवमी पर भक्ति के रंग में डूबा जिला, सुविधाओं की कमी पर भारी पड़ा भक्तों का विश्वास

दो दिनों में पहुंचे 3500 से अधिक वाहन, सड़क मार्ग बनने से सुलभ हुई बाबा की डगर

भीषण गर्मी में सीता कुंड के शीतल जल में श्रद्धालुओं ने लगायी डुबकी

पहाड़ियों में गूंज रहे महादेव के जयकारे, उमड़ा भक्तों का सैलाब

फोटो-2- बाबा गुप्तेश्वर नाथ की पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के लिए मुख्य गेट पर खड़े हुए श्रद्धालु

प्रतिनिधि, चेनारी

चैत्र रामनवमी के पावन अवसर पर सुप्रसिद्ध आध्यात्मिक केंद्र गुप्ताधाम में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा. अति प्राचीन प्राकृतिक गुफा में विराजमान शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए बिहार ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्य झारखंड और उत्तर प्रदेश से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं. सोमवार की आधी रात से ही गुफा के मुख्य द्वार पर भक्तों की लंबी कतारें लग गयी थीं, जो मंगलवार देर शाम तक अनवरत जारी रहीं.

झारखंड से आये भक्तों में दिखा भारी उत्साह:

झारखंड के रांची, रामगढ़ और भुरकुंडा से पहुंचे विनय कुमार सिंह, हरिशंकर पांडेय, आरती सिंह और कांति सिंह ने बताया कि कठिन पहाड़ी रास्तों की थकान भोलेनाथ के दर्शन मात्र से मिट गयी. श्रद्धालुओं का दल पूजा-अर्चना के बाद कैमूर की पहाड़ियों में स्थित नदी-झरनों के किनारे पारंपरिक लिट्टी-चोखा और अन्य पकवानों का आनंद ले रहा है. भीषण गर्मी के बावजूद सीता कुंड के शीतल जल में स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गयी.

सुविधाओं का अभाव, फिर भी अडिग विश्वास

श्रद्धालु छोटू सिंह उर्फ अजय सिंह ने बताया कि प्रशासन और समाजसेवियों के सहयोग से दर्शन की व्यवस्था सुचारू रही. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि गुफा के भीतर बिजली और ऑक्सीजन का प्रबंध होने के बावजूद सांस लेने में हल्की कठिनाई महसूस हो रही थी. धाम परिसर में पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं का घोर अभाव दिखा, जिससे दूर-दराज से आए भक्तों को परेशानियों का सामना करना पड़ा. कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रामानुज मिश्रा ने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि सड़क बनने से भीड़ तो बढ़ी है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किये गये हैं.

वाहनों की रिकॉर्ड आवाजाही और सुरक्षा के इंतजाम

सड़क मार्ग सुलभ होने के कारण इस वर्ष निजी वाहनों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गयी है. दुर्गावती डैम स्थित वन विभाग के चेक पोस्ट के आंकड़ों के अनुसार, पिछले दो दिनों में लगभग 2000 मोटरसाइकिलें और 1500 से अधिक चारपहिया वाहन धाम पहुंचे हैं. वन विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं. उगहनी ओपी प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है और श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कर गुफा में प्रवेश कराया जा रहा है.

गुप्ताधाम विकास कमेटी के अध्यक्ष गोपाल सिंह खरवार के अनुसार, नौहट्टा और उगहनी घाट की तरफ से भी हजारों श्रद्धालु पैदल चलकर धाम पहुंच रहे हैं. समिति के सदस्य भी मेले की व्यवस्था संभालने में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं. प्राकृतिक सौंदर्य के बीच स्थित इस धाम में कई भक्त टेंट लगाकर जंगलों में डेरा डाले हुए हैं, तो कई युवा दुर्गम पहाड़ियों पर जान जोखिम में डालकर फोटो और सेल्फी लेते भी नजर आये.

विज्ञापन
ANURAG SHARAN

लेखक के बारे में

By ANURAG SHARAN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन