रोहतास: काव नदी के किनारे खेलते समय भाई-बहन डूबे, ग्रामीणों ने बहन को बचाया, 8 वर्षीय सूरज तेज धारा में लापता

Updated:
विज्ञापन
नदी के किनारे बैठे लोग | Prabhat Khabar Network

नदी के किनारे बैठे लोग | Prabhat Khabar Network

अकोढ़ीगोला के यादवा गांव में काव नदी में डूबने से एक 8 वर्षीय बालक लापता है। ग्रामीणों ने बहन को बचा लिया, लेकिन बालक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की मदद ली जा रही है।

विज्ञापन

Rohtas News : रोहतास जिला के अकोढ़ीगोला प्रखंड क्षेत्र के यादवा गांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया. काव नदी के किनारे खेल रहे भाई-बहन नदी में डूबने लगे. मौके पर मौजूद ग्रामीण श्याम बिहारी पासवान ने साहस दिखाते हुए नदी में छलांग लगाकर छह वर्षीय नेहा कुमारी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन उसका आठ वर्षीय भाई सूरज तेज धारा में बह गया. देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका.

ग्रामीणों ने काफी देर तक की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. स्थानीय गोताखोरों ने नदी में उतरकर काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन लापता बालक का कोई सुराग नहीं मिला. खबर लिखे जाने तक ग्रामीण और प्रशासन की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई थी.

चार बहनों का इकलौता भाई था सूरज

मृतक का पिता कृष्णा साह बताया गया है. परिवार में चार बेटियों के बीच सूरज इकलौता बेटा था. उसके नदी में बह जाने की खबर मिलते ही मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. पूरे गांव में मातम का माहौल है.

पहले भी हो चुका है बड़ा हादसा

ग्रामीणों ने बताया कि यादवा से सटे बागाखोह गांव के पास इसी काव नदी में 17 जुलाई 2025 को भी बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें दो सगे भाइयों समेत तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई थी. इसके बावजूद नदी किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए.

एसडीआरएफ को बुलाया गया

थानाध्यक्ष राकेश गोसाईं ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया है. स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता बालक की तलाश जारी है. साथ ही अंचलाधिकारी को सूचना देकर एसडीआरएफ टीम बुलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.


विज्ञापन
Ashok Kumar

लेखक के बारे में

By Ashok Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन