रोहतास: दिनारा में अतिक्रमणकारियों को अंतिम चेतावनी, एक सप्ताह में हटाएं कब्जा, नहीं तो चलेगा बुलडोजर

दिनारा बाजार में निरीक्षण करते एसडीएम व अन्य पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
रोहतास के दिनारा में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। समय सीमा के बाद जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Rohtas News : नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त हो गया है. शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) दिलीप कुमार, बीडीओ कुलदीप कुमार विभूति और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अंभोज नयनम ने संयुक्त रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर अतिक्रमणकारियों को एक सप्ताह के भीतर कब्जा हटाने का अंतिम निर्देश दिया.
लाउडस्पीकर से कराया जा रहा प्रचार
प्रशासन ने आम लोगों को जागरूक करने के लिए नगर पंचायत की ओर से ध्वनि यंत्र के माध्यम से मुनादी शुरू करा दी है. अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
ब्लॉक चौक से थाना रोड तक चलेगा अभियान
कार्यपालक पदाधिकारी अंभोज नयनम ने बताया कि ब्लॉक चौक से कुंड चौक होते हुए थाना रोड तक सड़क के दोनों किनारों पर किए गए सभी अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण के खिलाफ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. नोटिस मिलने के 24 घंटे के भीतर संबंधित लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाना होगा.
नहीं हटाया तो चलेगा बुलडोजर, लगेगा जुर्माना
उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन जेसीबी और मजदूरों की मदद से अतिक्रमण हटाएगा. इस दौरान संबंधित व्यक्ति पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा. साथ ही अतिक्रमण हटाने में आने वाला पूरा खर्च भी संबंधित अतिक्रमणकारी से वसूला जाएगा.
जाम से राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता
एसडीएम दिलीप कुमार ने कहा कि अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है और अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. प्रशासन का उद्देश्य नगर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाकर लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है. उन्होंने लोगों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील करते हुए कहा कि अन्यथा कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहें.
अभियान रहेगा लगातार जारी
बीडीओ कुलदीप कुमार विभूति ने कहा कि अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा. भविष्य में दोबारा सार्वजनिक भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










