रोहतास: 21 घंटे बाद नहर में मिला युवक का शव, SDRF नहीं पहुंची तो ग्रामीणों ने खुद चलाया तलाश अभियान

सांकेतिक तस्वीर
काराकाट के निरंजनपुर गांव में बाहा में डूबे 24 वर्षीय युवक का शव 21 घंटे बाद बिहिया नहर के समीप बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Rohtas News : काराकाट सकला पंचायत के निरंजनपुर गांव के समीप बाहा में डूबे 24 वर्षीय युवक का शव करीब 21 घंटे बाद शनिवार की सुबह बिहिया नहर के पास बरामद हुआ. घटना के बाद एसडीआरएफ टीम के मौके पर नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों ने खुद तलाश अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद शव को खोज निकाला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया.
शुक्रवार को डूबा था युवक
मृतक की पहचान निरंजनपुर गांव निवासी स्व. बिरदा सिंह के 24 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है. ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार करीब 11 बजे बाहा में डूबने की सूचना मिली थी. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली.
ग्रामीणों ने चलाया तलाश अभियान
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि सूचना देने के बावजूद एसडीआरएफ टीम मौके पर नहीं पहुंची. इसके बाद ग्रामीणों ने लगातार तलाश जारी रखी और करीब 21 घंटे बाद शनिवार सुबह बिहिया नहर के समीप युवक का शव बरामद किया.
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
शव मिलने की सूचना पर कच्छवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
मुआवजे की मांग
सकला पंचायत के उपमुखिया दिलीप कुमार ने बताया कि घटना की सूचना शुक्रवार को ही पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन उस समय तक शव नहीं मिला था. उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से मुआवजा दिलाने के लिए काराकाट अंचल अधिकारी से मांग की गई है. अधिकारियों ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सहायता राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










