रोहतास में सुरक्षित शनिवार पर स्कूलों में बाढ़ से बचाव की मॉक ड्रिल, बच्चों को सिखाए गए आपदा प्रबंधन के गुर

बाढ़ व आपदा पर मॉकड्रिल करते बच्चे | Prabhat Khabar Network
कोचस के विभिन्न स्कूलों में सुरक्षित शनिवार के तहत बच्चों को बाढ़ से बचाव, प्राथमिक उपचार और आपदा प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण और मॉकड्रिल कराया गया।
Rohtas News : रोहतास जिला के कोचस प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में शनिवार को मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम के तहत बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान विद्यार्थियों को बाढ़ से बचाव, डूबने की स्थिति में अपनाए जाने वाले उपाय, प्राथमिक उपचार और आपदा प्रबंधन की जानकारी देते हुए मॉक ड्रिल कराई गई.
कई विद्यालयों में हुआ विशेष आयोजन
मध्य विद्यालय कपसियां, सरेयां, कंजर, बलथरी, परसथुआं, शेख बहुआरा, कथराई, परसियां, हटना-पटना तथा प्राथमिक विद्यालय कथराई टोला, सारंगपुर, पलटुडिहरा, हरिहरडिहरा, हरिदासपुर समेत कई विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किया गया.
बच्चों को सिखाए गए आपदा से बचाव के तरीके
प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुरभि राज ने बताया कि अगस्त माह के पहले सुरक्षित शनिवार एवं बैगलेस डे कार्यक्रम की थीम बाढ़ सुरक्षा और आपदा प्रबंधन रही. फोकल शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बाढ़ के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, डूबने से बचाव, प्राथमिक उपचार और आपात स्थिति में सुरक्षित रहने के उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया.
प्रश्नोत्तरी और सुरक्षा शपथ भी दिलाई गई
प्रधानाध्यापक अजय सिंह, प्रमोद तिवारी, वीरेंद्र सिंह, दिनेश प्रसाद, ओमप्रकाश और संजय कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी गई. साथ ही प्रश्नोत्तरी, समूह चर्चा और सुरक्षा शपथ का आयोजन किया गया. बच्चों ने लोकगीत, क्षेत्रीय गीत और देशभक्ति गीत भी प्रस्तुत किए, जिससे कार्यक्रम को रोचक और शिक्षाप्रद बनाया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










