सारण: ननिहाल जाने के दौरान ट्रेन से गिरकर दसवीं के छात्र की मौत, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

मृतक का फाइल फोटो
सारण के देवरिया गांव के 20 वर्षीय छात्र अमरजीत कुमार की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है, परिजन घटना पर शंका जता रहे हैं।
सारण: अवतारनगर थाना क्षेत्र के देवरिया गांव निवासी एक युवक की ट्रेन से गिरकर मौत होने का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान देवरिया गांव निवासी वकील बैठा के पुत्र अमरजीत कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, अमरजीत दसवीं कक्षा का छात्र था और गया जिले में स्थित अपने ननिहाल जाने के लिए घर से निकला था. घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया. इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
ननिहाल जाने के लिए घर से निकला था अमरजीत
परिजनों ने बताया कि अमरजीत कुमार गया स्थित अपने ननिहाल जाने के लिए घर से निकला था. पटना से गया जाने वाली ट्रेन से वह यात्रा कर रहा था. इसी दौरान उसने अपनी मां संध्या देवी से मोबाइल पर बातचीत भी की थी. परिजनों के अनुसार, बातचीत के दौरान अमरजीत कुछ घबराया हुआ लग रहा था.
इसके बाद गुरुवार को रेलवे पुलिस की ओर से परिजनों को मोबाइल फोन पर सूचना दी गयी कि ट्रेन से गिरने के कारण अमरजीत की मौत हो गयी है. सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में घटनास्थल की ओर रवाना हो गये.
रेल लाइन के पास मिला शव
परिजनों के अनुसार, रेलवे पुलिस ने बताया कि चाटन और गया के बीच रेल लाइन पर पोल संख्या 87 के समीप एक युवक का शव मिला था. शव के पास मिले साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान के लिए परिजनों से संपर्क किया गया.
रेलवे पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों को सौंप दिया. शव घर पहुंचने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गयी. बेटे का शव देखकर मां समेत अन्य परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे.
गया में किया गया अंतिम संस्कार
शव मिलने के बाद परिजनों ने अमरजीत का अंतिम संस्कार गया के विष्णुपथ में किया. अंतिम संस्कार के दौरान भी परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था.
बताया जाता है कि मृतक के पिता मधुबनी जिले में पुलिस विभाग में कार्यरत हैं. घटना के दिन वह अपने पैतृक गांव देवरिया में ही मौजूद थे. अमरजीत परिवार का इकलौता संतान था. उसके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
परिजनों ने जतायी घटना पर आशंका
इधर, परिजनों ने अमरजीत की मौत को लेकर कुछ आशंका भी जाहिर की है. उनका कहना है कि ट्रेन से गिरने की घटना को लेकर कई सवाल हैं. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता जांच के बाद ही चल सकेगा.
फिलहाल रेलवे पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. मामले को लेकर परिजन भी घटना की वास्तविक वजह सामने आने का इंतजार कर रहे हैं. घटना के बाद देवरिया गांव में भी शोक का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











