Saran News : रिजर्व के नाम पर मनमाना किराया वसूल रहे हैं वाहन चालक

छठ महापर्व को लेकर दूसरे प्रदेशों व राज्य के अलग-अलग जिलों में रहने वाले सारण के लोग ट्रेन व बस के माध्यम से घर पहुंच रहे हैं.
छपरा. छठ महापर्व को लेकर दूसरे प्रदेशों व राज्य के अलग-अलग जिलों में रहने वाले सारण के लोग ट्रेन व बस के माध्यम से घर पहुंच रहे हैं. स्टेशन या बस स्टैंड आते ही प्रवासी जब इ रिक्शा, ऑटो या अन्य सवारी वाहन रिजर्व कर घर जाना चाह रहे हैं. तो उनसे मनमाने किराये की डिमांड की जा रही है. खासकर देर शाम या रात में जो लोग ट्रेन या बस से छपरा पहुंच रहे हैं. उन्हें अपने गांव तक जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. स्टेशन से जलालपुर, रिविलगंज, नगरा, खैरा, विष्णुपुरा, डोरीगंज, नैनी, उमधा आदि जगहों पर जाने के लिए 500 से 800 के बीच ऑटो व इ रिक्शा की बुकिंग हो रही है. जंक्शन के बाहर कुछ टैक्सी भी खड़ी रहती हैं. इनके चालकों द्वारा भी सुदूर ग्रामीण इलाकों में जाने के लिए काफी अधिक किराया मांगा जा रहा है. जो लोग परिवार संग स्टेशन या बस स्टैंड उतर रहे हैं. वह मजबूरी में मनमाना किराया दे रहे हैं.
जंक्शन पर मंगलवार को रही काफी भीड़
मंगलवार छपरा रेलवे जंक्शन पर काफी चहल-पहल रही. नयी दिल्ली से आने वाली बिहार संपर्क क्रांति, स्वतंत्रता सेनानी, वैशाली सुपरफास्ट आदि ट्रेनों से छठ में शामिल होने के लिये प्रवासी उत्साह के साथ जंक्शन पर उतरे. बिहार संपर्क क्रांति से छपरा जंक्शन पर अपने परिवार के साथ उतरे प्रभुनाथ नगर के महेश, तेलपा निवासी आंचल आदि ने बताया कि उन्होंने एक माह पहले ही टिकट कराया था. दीवाली के दिन का टिकट मिला था. वहीं स्वतंत्रता सेनानी व स्पेशल ट्रेन से उतरे यात्री जंक्शन से बाहर आकर ऑटो व इ-रिक्शा रिजर्व कर जल्द से जल्द अपने गांव लौटने को उत्साहित दिखे.पटना, आरा व गोपालगंज की बसों में भीड़
शहर के प्रायः सभी यात्री पड़ाव गुलजार नजर आ रहे हैं. शहर के सरकारी बस स्टैंड पर सुबह से ही भीड़ दिख रही है. दीपावली के अवकाश के बाद मंगलवार को सरकारी बस स्टैंड पर पटना से आने वाली प्रायः सभी बसों में भीड़ रही. गया, पूर्णिया, आरा, समस्तीपुर, नालंदा आदी जगहों पर कार्यरत लोग पटना से बस के माध्यम से छपरा पहुंच रहे हैं. रिक्शा व ऑटो चलाने वाले दिनभर यात्रियों को उनके घर पहुंचाते दिखे. सीवान व गोपालगंज से आने-जाने वाली सरकारी व निजी बसों में भी भीड़ नजर आयी.सुरक्षा को लेकर भी अलर्ट है पुलिस
छठ पूजा के मद्देनजर छपरा जंक्शन पर व ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है. प्लेटफार्म के अलावा आउटर पर पुलिस की ड्यूटी लगायी जा रही है. जीआरपी व आरपीएफ के अलावा अतिरिक्त फोर्स ट्रेनों समेत स्टेशन के भीतरी व बाहरी परिसर में चौकन्ने दिख रहे हैं. इस दौरान नशाखुरानी गिरोह, जेबकतरों तथा उचक्कों पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




